मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए पूरी तरह समर्पित है और महिलाओं के बनाए उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए संकल्पित होकर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति को सकारात्मक होकर अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करना होगा, सरकार पूरी तरह उनके साथ है।

शनिवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में मातृशक्ति संवाद एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने महिलाओं से सीधा संवाद किया। महिलाओं ने विभिन्न सरकारी योजनाओं पर अपने विचार रखने के साथ सुझाव भी दिए।



एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार महिलाओं में कौशल और उद्यमिता विकास से लेकर उनके बनाए उत्पादों को वैश्विक स्तर पर पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। इसके लिए मुख्यमंत्री उद्यमशाला जैसी योजना लागू की गई है। महिला उद्यमियों को बढ़ावा देने के लिए आसान ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और प्रदेश की महिलाएं लगातार सशक्त हो रही हैं। खासकर हिमालय जैसी हिम्मत वाली उत्तराखंड की महिलाओं को केंद्र और राज्य सरकार की महिला केंद्रित नीतियों का विशेष लाभ मिला है।

महिला स्वयं सहायता समूहों को बड़े कारोबारी समूहों के रूप में विकसित करने के सुझाव पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इसके लिए मुख्यमंत्री सशक्त बहना योजना संचालित कर रही है। साथ ही उत्तराखंड की महिलाओं के तैयार विशिष्ट उत्पादों को हाउस ऑफ हिमालय ब्रांड के जरिए नई पहचान दी गई है।



मुख्यमंत्री ने बताया कि अब सरकार देहरादून के सहस्रधारा रोड पर एक बड़ा सेंटर विकसित कर रही है। यहां सभी 13 जिलों की महिलाओं के बनाए विशिष्ट उत्पाद बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि सरकार के प्रयासों से प्रदेश की महिलाएं सिलाई, बुनाई से लेकर कारखाना चलाने तक में सक्षम हो रही हैं। महिलाओं को सकारात्मक होकर अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करना होगा, सरकार पूरी तरह उनके साथ है।

जीएमवीएन और केएमवीएन के गेस्ट हाउस के जरिए महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की बिक्री के सुझाव पर मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला समूहों के उत्पादों को विभिन्न मेलों और आयोजनों के अलावा एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस अड्डे पर बिक्री के लिए उपलब्ध कराया जा रहा है। हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के उत्पाद ऑनलाइन बिक्री के लिए उपलब्ध हैं।

मुख्यमंत्री ने महिलाओं से अपने उत्पादों की गुणवत्ता पर ध्यान देने की अपील करते हुए कहा कि एक बार भरोसा बन जाएगा तो लोग खुद खरीदने के लिए आगे आएंगे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की महिलाओं के उत्पाद गुणवत्ता में बहुराष्ट्रीय कंपनियों के उत्पादों पर भारी पड़ते हैं। एक सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना को वर्षभर लागू किए जाने पर विचार किया जाएगा।

इस अवसर पर विधायक श्री दलीप रावत, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष श्री राजेंद्र अंथवाल, श्रीमती नेहा शर्मा, श्रीमती किरण भट्ट, डॉ. प्राची कंडवाल एवं मातृशक्ति उपस्थित थी।

संवाद के दौरान एक महिला लाभार्थी ने अपने जीवन के उस दौर का उल्लेख किया, जब उनका घर तक बिक गया था और बच्चे खाना खाने के लिए भी मोहताज हो गए थे। उन्होंने बताया कि महिला स्वयं सहायता समूह से जुड़ने के बाद उन्होंने फिर अपने परिवार को संभाला। उन्होंने कहा कि सरकार का समूहों के लिए बिना गारंटी का ऋण किसी वरदान से कम नहीं है।

इसी दौरान महिला लाभार्थी ने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित गीत स्वत:स्फूर्त तरीके से प्रस्तुत किया। उन्होंने ‘हमें तो मोदी ने बहुत कुछ दिया है, बहुत शुक्रिया है’ गीत के जरिए महिलाओं को बिना ब्याज के ऋण, लखपति दीदी योजना, महिला स्वयं सहायता समूहों के गठन सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की महिला सशक्तिकरण को समर्पित नीतियों के चलते महिलाएं लगातार मजबूत हो रही हैं।

Updated On
Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story