देहरादून में आयोजित ‘उत्तराखंड उदय कॉन्क्लेव’ में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य सरकार की उपलब्धियों, रोजगार, महिला सशक्तीकरण, भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई और पर्यटन विकास को लेकर अपनी बात रखी। मंगलवार को HNN न्यूज चैनल की ओर से आईएसबीटी के निकट एक होटल में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न विषयों पर पूछे गए सवालों के जवाब दिए और प्रदेश के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी साझा की।

मुख्यमंत्री ने युवाओं के भविष्य और रोजगार के अवसरों को सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल बताते हुए कहा कि प्रदेश में सख्त नकल विरोधी कानून लागू कर भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है। पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का स्पष्ट संकल्प है कि प्रदेश के युवाओं को उनकी मेहनत और योग्यता के आधार पर रोजगार के अवसर उपलब्ध हों।

समान नागरिक संहिता का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड इसे लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। उन्होंने इसे महिला सशक्तीकरण और समान अधिकारों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। मुख्यमंत्री के अनुसार, समान नागरिक संहिता के माध्यम से महिलाओं के अधिकारों को कानूनी मजबूती प्रदान की गई है। राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए भी लगातार प्रयास कर रही है। महिलाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने और उनकी आजीविका बढ़ाने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

भ्रष्टाचार के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। भ्रष्टाचार संबंधी शिकायतों के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 की व्यवस्था की गई है, जिसके माध्यम से कोई भी नागरिक अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। भ्रष्टाचार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

चारधाम यात्रा के संबंध में मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष अब तक 59 लाख से अधिक श्रद्धालु चारधाम यात्रा पर पहुंच चुके हैं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या उत्तराखंड के प्रति लोगों की आस्था और विश्वास को दर्शाती है। राज्य सरकार सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए लगातार काम कर रही है। यात्रा मार्गों पर सड़क, स्वास्थ्य, यातायात और सुरक्षा से जुड़ी सुविधाओं को बेहतर बनाया जा रहा है। इसके साथ ही अन्य धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को प्रोत्साहित कर स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड के निरंतर विकास की बात कही। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूल मंत्र के अनुरूप समाज के प्रत्येक वर्ग तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को देश की एकता, अखंडता और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने वाला बताया। मुख्यमंत्री के अनुसार, उत्तराखंड अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को संरक्षित रखते हुए विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य विकास का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसके लिए युवाओं के रोजगार, महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण, पर्यटन के विस्तार तथा शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story