देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित उत्तराखण्ड राज्योत्सव समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का प्रदेशवासियों की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में उत्तराखण्ड को विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर राज्य बनाने की दिशा में सरकार के प्रयासों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि कनेक्टिविटी, पर्यटन, उद्योग, स्वरोजगार और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से प्रदेश के विकास को नई गति मिल रही है।

मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को आयोजित समारोह में कहा कि उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ से पहले केंद्रीय गृह मंत्री का देवभूमि आगमन प्रदेशवासियों के लिए खुशी और गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता की मजबूत नींव रखी थी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए देश की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री के मार्गदर्शन में देश ने कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को हटाने, नागरिकता संशोधन अधिनियम और तीन नए आपराधिक कानूनों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, सुरक्षा तथा न्याय व्यवस्था को मजबूती मिली है। आतंकवाद, अलगाववाद और नक्सलवाद के खिलाफ कठोर कार्रवाई से देश में शांति एवं विकास का मार्ग प्रशस्त हुआ है। वहीं, सहकार से समृद्धि अभियान के माध्यम से किसानों, पशुपालकों और छोटे उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनने के नए अवसर मिल रहे हैं।

समारोह में मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड पुलिस को प्रतिष्ठित 'राष्ट्रपति पुलिस कलर' प्रदान किए जाने को पूरे प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने इस सम्मान के लिए उत्तराखण्ड पुलिस के सभी अधिकारियों, जवानों और प्रदेशवासियों को बधाई दी तथा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 9 नवंबर को उत्तराखण्ड राज्य की स्थापना के 26 वर्ष पूरे हो रहे हैं। भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का सम्मान करते हुए पृथक उत्तराखण्ड राज्य का सपना साकार किया था। वर्तमान राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन एवं सहयोग से राज्य आंदोलनकारियों की आकांक्षाओं के अनुरूप उत्तराखण्ड को विकसित और समृद्ध बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से प्रदेश में कनेक्टिविटी, आधारभूत संरचना, पर्यटन, उद्योग और स्वरोजगार सहित विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से विकास हो रहा है। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से विकास योजनाओं को गति मिली है तथा रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने राजनीतिक परिस्थितियों पर भी अपनी बात रखते हुए कहा कि कुछ ताकतें विकास के मुद्दों पर सार्थक चर्चा करने के बजाय भ्रम और टकराव का माहौल बनाने का प्रयास कर रही हैं। लोकतंत्र में सवाल पूछना और असहमति व्यक्त करना सभी का अधिकार है, लेकिन युवाओं को भड़काना, अफवाहें फैलाना और हिंसा को प्रोत्साहित करना स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं और चुनावी प्रक्रियाओं के प्रति दोहरा रवैया उचित नहीं है।

उन्होंने बताया कि हाल ही में श्रीनगर और रुद्रपुर में आयोजित 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान के कार्यक्रमों में जनता की व्यापक भागीदारी देखने को मिली। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की जनता विकास, सुशासन और स्थिरता के साथ खड़ी है तथा भ्रामक प्रचार और झूठे वादों से प्रभावित होने वाली नहीं है।

उत्तराखण्ड की आर्थिक स्थिति का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि समान भौगोलिक परिस्थितियों वाले हिमाचल प्रदेश का इस वर्ष का बजट लगभग 54 हजार 928 करोड़ रुपये है, जबकि उत्तराखण्ड का बजट लगभग एक लाख 11 हजार 703 करोड़ रुपये है। उन्होंने इसे प्रदेश के विकास के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता का संकेत बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उत्तराखण्ड राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य सूचकांक में प्रदेश ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। खनन क्षेत्र में किए गए सुधारों के लिए केंद्र सरकार की ओर से 200 करोड़ रुपये का पुरस्कार मिला है। वहीं, मत्स्य विकास के क्षेत्र में हिमालयी एवं पूर्वोत्तर राज्यों की श्रेणी में उत्तराखण्ड को सर्वश्रेष्ठ राज्य का पुरस्कार प्रदान किया गया है।

पर्यटन के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रदेश को बेस्ट एडवेंचर और बेस्ट वाइल्डलाइफ डेस्टिनेशन जैसे सम्मान मिले हैं। फिल्म निर्माण के अनुकूल वातावरण विकसित करने की दिशा में किए गए प्रयासों के परिणामस्वरूप उत्तराखण्ड को 'मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट' का राष्ट्रीय पुरस्कार भी प्राप्त हुआ है।

आर्थिक प्रगति के आंकड़े प्रस्तुत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष प्रदेश का सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) लगभग 3 लाख 82 हजार करोड़ रुपये, प्रति व्यक्ति आय लगभग 2 लाख 74 हजार रुपये और आर्थिक वृद्धि दर करीब 7.23 प्रतिशत रहने का अनुमान है। प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय राष्ट्रीय औसत से 25 प्रतिशत से भी अधिक है। उन्होंने कहा कि ये उपलब्धियां उत्तराखण्ड को विकसित और समृद्ध राज्य बनाने की दिशा में हो रही प्रगति को दर्शाती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि की जनता विकास, सुरक्षा तथा संवेदनशील और जवाबदेह शासन चाहती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में राज्य सरकार जनता की इन अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने प्रदेशवासियों से लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने, शांति एवं सामाजिक सद्भाव बनाए रखने और उत्तराखण्ड के समग्र विकास में सहभागी बनने का आह्वान किया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story