देहरादून। उत्तराखंड में जारी बारिश के बीच आपदा प्रबंधन तंत्र को पूरी तरह सतर्क रखा गया है। सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास श्री विनोद कुमार सुमन ने शनिवार को पूरे दिन राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र में उपस्थित रहकर प्रदेश में बारिश की स्थिति की लगातार समीक्षा की। उन्होंने विभिन्न जनपदों के अधिकारियों के साथ बैठक कर वर्षा, स्थानीय परिस्थितियों और संभावित चुनौतियों की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

श्री सुमन ने कहा कि राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से प्रदेश की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जनपदों से निरंतर फीडबैक लिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने भी प्रदेश में बारिश की स्थिति और तैयारियों के संबंध में जानकारी ली है। मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में सभी जनपदों एवं संबंधित विभागों को पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने को कहा गया है।

सचिव आपदा प्रबंधन ने कहा कि क्षेत्र में सभी टीमें और अधिकारी सतर्क हैं तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए आवश्यक संसाधनों को तैयार रखा गया है। जिलाधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों, भूस्खलन संभावित स्थलों, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्रों को सक्रिय रखते हुए किसी भी घटना की सूचना तत्काल राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र को उपलब्ध कराने तथा आवश्यकता पड़ने पर राहत एवं बचाव टीमों को तत्काल रवाना करने के निर्देश दिए गए हैं।

मौसम विभाग द्वारा 27 सितंबर के लिए जारी चेतावनी को देखते हुए सभी जनपदों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। 27 सितंबर को देहरादून, टिहरी गढ़वाल और पौड़ी गढ़वाल में रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि शेष सभी जनपदों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

अधिकारियों को बारिश के दौरान नदी-नालों और गदेरों के आसपास अनावश्यक आवाजाही रोकने तथा स्थानीय लोगों और यात्रियों को मौसम की स्थिति की लगातार जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य, लोक निर्माण विभाग, विद्युत, पेयजल और अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा गया है।

श्री सुमन ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में सभी अधिकारी और क्षेत्रीय टीमें पूरी तरह सतर्क रहें। किसी भी आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया और राहत-बचाव कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र द्वारा प्रदेश की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story