उत्तराखंड के सरकारी कर्मचारियों का DA 3% बढ़ा, 1 जुलाई से 63% होगा महंगाई भत्ता
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने महंगाई भत्ते में वृद्धि के प्रस्ताव को दी मंजूरी, जुलाई से अक्टूबर तक के चार महीने का बकाया नकद एरियर के रूप में मिलेगा।

देहरादून। उत्तराखंड के राज्य कर्मचारियों को महंगाई से राहत देते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महंगाई भत्ते (DA) में 3 प्रतिशत वृद्धि के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस फैसले के बाद कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 60 प्रतिशत से बढ़कर 63 प्रतिशत हो जाएगा। बढ़ी हुई दर 1 जुलाई, 2026 से प्रभावी मानी जाएगी।
मुख्यमंत्री की इस स्वीकृति के साथ ही राज्य कर्मचारियों को केंद्र सरकार के समान महंगाई भत्ता मिलने का रास्ता साफ हो गया है। उल्लेखनीय है कि भारत सरकार ने सातवें केंद्रीय वेतन आयोग के अंतर्गत वेतन प्राप्त कर रहे कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत की वृद्धि करते हुए इसे 1 जुलाई, 2026 से बढ़ाकर 63 प्रतिशत किया है। इसी निर्णय के अनुरूप मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य कर्मचारियों के लिए भी समान दर से महंगाई भत्ता दिए जाने के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की है।
इस वृद्धि का लाभ केवल राज्य सरकार के कार्मिकों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि स्थानीय निकायों, सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थानों, राजकीय विश्वविद्यालयों, प्राविधिक शिक्षण संस्थानों तथा यूजीसी वेतनमान के अंतर्गत कार्यरत पात्र कार्मिक भी इससे लाभान्वित होंगे।
मुख्यमंत्री की स्वीकृति के अनुसार पात्र कर्मचारियों को 1 जुलाई, 2026 से 31 अक्टूबर, 2026 तक की अवधि के बढ़े हुए महंगाई भत्ते के अंतर का भुगतान एरियर के रूप में नकद किया जाएगा। इस फैसले से पात्र कर्मचारियों को बढ़ी हुई दर का लाभ निर्धारित प्रभावी तिथि से मिलेगा और चार महीने की अवधि का बकाया भी नकद प्राप्त होगा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
