उत्तराखंड में सड़क निर्माण, पेयजल व्यवस्था, सिंचाई, मंदिरों के सौंदर्यीकरण और प्रशासनिक आवासों के निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्यों को गति देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वित्तीय स्वीकृतियां प्रदान की हैं। इन कार्यों के साथ हरिद्वार में कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत भारत सरकार के अवस्थापना अनुदान के अंतर्गत प्रस्तावित 18 कार्यों के लिए 61.42 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत करने का अनुमोदन भी दिया गया है। विभिन्न योजनाओं और निर्माण कार्यों के लिए जारी स्वीकृतियों में ग्रामीण संपर्क मार्गों से लेकर धार्मिक स्थलों के विकास तक के कार्य शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने चम्पावत जिले के चम्पावत विधानसभा क्षेत्र के टनकपुर और बनबसा के ग्रामीण क्षेत्रों में 10-10 किलोमीटर आंतरिक मार्गों के निर्माण के लिए 9.94 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। देहरादून जिले के डोईवाला विधानसभा क्षेत्र में ग्राम माजरी ग्रांट के वैश्नवी मंदिर पुल के पास लालतप्पड़ से गोरखा बस्ती सागर आदि के घरों तक दो किलोमीटर सड़क बनाने के लिए 1.37 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

पिथौरागढ़ जिले के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र में भूमिधारा से कुमालगांव तक खड़ंजा और पुलिया निर्माण के लिए 74.24 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसमें पहली किश्त के रूप में 44.54 लाख रुपये जारी करने का अनुमोदन किया गया है। इसी जिले के पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मझेड़ा में प्राथमिक विद्यालय भूगांव से नाघर, कुमाल्ता और स्यूसी तक संपर्क मार्ग के निर्माण के लिए 49.85 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत करने का अनुमोदन दिया गया है।

धार्मिक स्थलों के विकास के लिए भी वित्तीय स्वीकृतियां दी गई हैं। ऊधमसिंह नगर जिले के जसपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत डाम क्षेत्र में स्थित प्राचीन मंदिर के सुदृढ़ीकरण के लिए 1.62 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। पिथौरागढ़ में गुरु गोरखनाथ मंदिर के मेला स्थल के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए 32.53 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। अल्मोड़ा जिले के सल्ट विधानसभा क्षेत्र में शक्तिपीठ भौनादेवी मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 98.79 लाख रुपये के सापेक्ष 50 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।

पौड़ी जिले के कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र के कण्वाश्रम में चक्रवर्ती सम्राट भरत की प्रतिमा स्थापित करने और सौंदर्यीकरण के लिए 79.74 लाख रुपये के सापेक्ष शेष 31.90 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत करने का अनुमोदन किया गया है। चम्पावत जिले के लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में त्यौन्दर बाबा मंदिर फोर्ती, भूमिया बाबा मंदिर फोर्ती और महारूद्र मंदिर फोर्ती के सौंदर्यीकरण के लिए 20-20 लाख रुपये की स्वीकृति देने का भी अनुमोदन किया गया है।

पेयजल और सिंचाई से जुड़े कार्यों के लिए मुख्यमंत्री ने पौड़ी गढ़वाल जिले की कोटद्वार शाखा के अंतर्गत कोटद्वार नगर की सनेह नगरीय पेयजल योजना में सनेह मल्ली में नलकूप खनन और उद्वर्व जलाशय निर्माण के लिए 3.30 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत करने का अनुमोदन दिया है। पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत तौक भौरा में फील्ड सिंचाई गूल के निर्माण के लिए 44.13 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।

टिहरी जिले के देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र की कीर्तिनगर तहसील में अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए आवासीय भवनों के निर्माण को 121.30 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। योजना का कार्य शुरू करने के लिए 50 लाख रुपये की धनराशि भी स्वीकृत करने का अनुमोदन किया गया है।

हरिद्वार में कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के लिए भारत सरकार के अवस्थापना अनुदान के अंतर्गत प्रस्तावित 18 कार्यों के लिए 61.42 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत करने का अनुमोदन इन फैसलों का प्रमुख हिस्सा है। सड़क, पेयजल, सिंचाई, आवास और धार्मिक स्थलों से संबंधित स्वीकृतियों के साथ ये निर्णय राज्य में विभिन्न निर्माण एवं विकास योजनाओं के क्रियान्वयन और आगामी कुंभ मेले की तैयारियों से जुड़े हैं।

Next Story