उत्तराखण्ड में जनगणना-2027: सीएम धामी ने की डिजिटल स्व-गणना की शुरुआत
राज्य में 16 से 30 नवंबर तक डिजिटल स्व-गणना होगी। इससे भविष्य की विकास योजनाओं के लिए सटीक और विश्वसनीय आंकड़े जुटाने में मदद मिलेगी।

उत्तराखण्ड में जनगणना-2027 के तहत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने डिजिटल स्व-गणना अभियान की शुरुआत की है।
उत्तराखण्ड में जनगणना-2027 को लेकर डिजिटल प्रक्रिया ने गति पकड़ ली है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में सपरिवार द्वितीय चरण के तहत ऑनलाइन स्व-गणना कर प्रदेशवासियों को इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया। उन्होंने स्वयं अपने परिवार से संबंधित आवश्यक विवरण आधिकारिक पोर्टल पर दर्ज किए और नागरिकों से निर्धारित अवधि में स्व-गणना पूरी करने की अपील की।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े प्रदेश की भविष्य की विकास योजनाओं के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उत्तराखण्ड जैसे विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाले राज्य में जनसंख्या के सटीक आंकड़ों का विशेष महत्व है। पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करने के लिए क्षेत्रवार जनसंख्या और स्थानीय आवश्यकताओं की विश्वसनीय जानकारी जरूरी है। इससे विकास कार्यों की प्राथमिकताएं तय करने के साथ उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने में भी सहायता मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने जनगणना-2027 में डिजिटल तकनीक के इस्तेमाल को महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा के माध्यम से नागरिक अपने परिवार का विवरण स्वयं दर्ज कर सकते हैं। इससे जनगणना प्रक्रिया में लोगों की सीधी भागीदारी सुनिश्चित होगी और सूचनाओं के संकलन की प्रक्रिया भी सुगम बनेगी।
उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि जनगणना में दर्ज की जाने वाली प्रत्येक जानकारी को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित अवधि में स्व-गणना पूरी करें। साथ ही जनगणना कार्य में जुटे प्रगणकों को भी आवश्यक सहयोग प्रदान करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक परिवार की सहभागिता से जनगणना के आंकड़ों की विश्वसनीयता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री धामी ने विश्वास जताया कि जनगणना से मिलने वाले आंकड़े आने वाले वर्षों में प्रदेश की विकास संबंधी आवश्यकताओं को बेहतर ढंग से समझने और योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने में सहायक साबित होंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि उत्तराखण्ड के नागरिक इस राष्ट्रीय अभियान में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करेंगे।
जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत उत्तराखण्ड के गैर-हिमाच्छादित क्षेत्रों में 16 से 30 नवंबर, 2026 तक डिजिटल स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके लिए नागरिक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर अपने परिवार का विवरण ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। स्व-गणना की अवधि समाप्त होने के बाद 1 दिसंबर, 2026 से 4 जनवरी, 2027 तक प्रगणक घर-घर पहुंचकर जनसंख्या गणना का कार्य करेंगे।
इस अवसर पर सचिव जनगणना दीपक कुमार, निदेशक जनगणना कार्य निदेशालय, उत्तराखण्ड इवा आशीष श्रीवास्तव, संयुक्त निदेशक शैलेन्द्र सिंह नेगी, उप निदेशक प्रवीण कुमार, राजू कुमार बनवारी एवं सहायक निदेशक संजीव कुमार उपस्थित रहे। डिजिटल स्व-गणना के माध्यम से नागरिकों की सीधी भागीदारी और निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार घर-घर गणना की प्रक्रिया प्रदेश में जनगणना-2027 के आंकड़े जुटाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
