उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी तेज, EVM-VVPAT जागरूकता अभियान शुरू
उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले EVM और VVPAT जागरूकता अभियान शुरू हो गया है। 70 विधानसभा क्षेत्रों में डेमोंस्ट्रेशन सेंटर और मोबाइल वैन के जरिए मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी।

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव जागरूकता अभियान के दौरान अधिकारी महिलाओं को ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली समझाते दिख रहे हैं।
उत्तराखंड में विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर निर्वाचन आयोग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आगामी चुनाव में इस्तेमाल होने वाली इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) और वोटर वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (VVPAT) के इस्तेमाल की जानकारी मतदाताओं तक पहुंचाने के लिए राज्यभर में जन-जागरूकता अभियान शुरू कर दिया गया है। इस अभियान के तहत मतदाता मशीनों के माध्यम से मतदान की प्रक्रिया को समझ सकेंगे और स्वयं मॉकपोल में हिस्सा लेकर इसकी कार्यप्रणाली का अनुभव कर सकेंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने बताया कि विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 में इस्तेमाल होने वाली EVM और VVPAT की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) पूरी होने के बाद जन-जागरूकता एवं प्रशिक्षण के लिए मशीनें निर्धारित की गई हैं। इस प्रक्रिया में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधि मौजूद रहे। इनमें आम आदमी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, इंडियन नेशनल कांग्रेस और कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सिस्ट) के प्रतिनिधि शामिल थे।
निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुसार प्रशिक्षण और जागरूकता के लिए कुल 974 बैलेट यूनिट (BU), 974 कंट्रोल यूनिट (CU) और 974 VVPAT मशीनें निकाली गई हैं। इन मशीनों की सूची भी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ साझा कर दी गई है। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत प्रशिक्षण और जागरूकता के लिए इस्तेमाल होने वाली इन मशीनों को निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार अलग से चिन्हित गोदाम (वेयरहाउस) में सुरक्षित रखा जाएगा।
मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया का व्यावहारिक अनुभव देने के लिए प्रत्येक जिला निर्वाचन अधिकारी और रिटर्निंग ऑफिसर के मुख्यालय पर EVM डेमोंस्ट्रेशन सेंटर (EDC) स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों पर आम नागरिक EVM और VVPAT के माध्यम से वोट डालने की प्रक्रिया को समझ सकेंगे और मशीनों का प्रत्यक्ष प्रदर्शन देख सकेंगे।
इसके साथ ही जन-जागरूकता अभियान को राज्य के सभी 70 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए कई मोबाइल डेमोंस्ट्रेशन वैन (MDV) भी तैनात की गई हैं। ये वैन मतदान केंद्रों, गांवों, मोहल्लों, वार्डों और क्लस्टरों तक पहुंचकर मतदाताओं को EVM एवं VVPAT के इस्तेमाल की जानकारी देंगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, भारत निर्वाचन आयोग की ओर से विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के कार्यक्रम की घोषणा किए जाने तक यह व्यावहारिक जन-जागरूकता अभियान जारी रहेगा। चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के बाद EVM और VVPAT से संबंधित जागरूकता गतिविधियां केवल डिजिटल माध्यमों से संचालित और प्रसारित की जाएंगी।
अभियान की प्रगति पर नजर रखने के लिए भी व्यवस्था की गई है। इसके तहत प्रत्येक जिला निर्वाचन अधिकारी (DEO) और रिटर्निंग ऑफिसर (RO) को साप्ताहिक और पाक्षिक आधार पर प्रगति रिपोर्ट मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को उपलब्ध करानी होगी। भारत निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित प्रारूप में दी जाने वाली इस रिपोर्ट में EVM डेमोंस्ट्रेशन सेंटर और मोबाइल डेमोंस्ट्रेशन वैन के माध्यम से कवर किए गए मतदान केंद्रों की संख्या, प्रदर्शन देखने वाले लोगों की संख्या और मॉकपोल में हिस्सा लेने वाले प्रतिभागियों की संख्या का विवरण शामिल होगा।
राज्य में अभियान की शुरुआत अलग-अलग जिलों में निर्धारित तिथियों के अनुसार की गई है। देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, पिथौरागढ़ और चम्पावत में 16 नवम्बर से जन-जागरूकता कार्यक्रम शुरू हो चुका है। टिहरी गढ़वाल, बागेश्वर और नैनीताल में 18 नवम्बर से, चमोली में 20 नवम्बर से तथा उत्तरकाशी और ऊधमसिंह नगर में 21 नवम्बर से अभियान की शुरुआत हुई। वहीं, रूद्रप्रयाग जिले में 25 नवम्बर, 2026 से यह कार्यक्रम प्रारम्भ हो चुका है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने राज्य के सभी मतदाताओं से अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। उन्होंने मतदाताओं से EVM और VVPAT की कार्यप्रणाली को समझने तथा जन-जागरूकता कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि मतदान के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए लोकतांत्रिक उत्सव में सहभागिता सुनिश्चित करें।

