श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के श्रीनगर पहुंचने पर शनिवार को सड़कों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा। महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं ने बड़ी संख्या में उनका स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने श्रीयंत्र टापू में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए 9.13 करोड़ रुपये की 9 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। साथ ही श्रीनगरवासियों की लंबे समय से प्रतीक्षित मांग पूरी करते हुए करीब नौ साल बाद नगर में सिटी बस सेवा का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री ने ‘सशक्त बहना, सशक्त उत्तराखंड’ कार्यक्रम के तहत महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन राशि वितरित की। उन्होंने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को 2,01,530 रुपये के चेक प्रदान किए। इसके अतिरिक्त 51 पर्यावरण मित्र महिलाओं को हेल्थ एवं हाइजीन किट वितरित की गई। इस पहल का उद्देश्य महिला समूहों की आजीविका को प्रोत्साहित करना है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि श्रीनगर के विकास को नई गति देने के लिए 9 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया है। ये योजनाएं क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, जनसुविधाओं को सुदृढ़ करने और स्थानीय विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

उन्होंने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को याद करते हुए कहा कि उन्होंने 560 से अधिक रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत की नींव रखी थी। उनका संकल्प ऐसे सशक्त राष्ट्र के निर्माण का था, जहां राष्ट्रीय एकता, अखंडता और संप्रभुता सर्वोपरि हों तथा राष्ट्रहित प्रत्येक नागरिक का परम कर्तव्य हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश को विकास, सुशासन और समृद्धि के पथ पर आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ निरंतर काम कर रही है। पौड़ी जिले में ही करोड़ों रुपये की योजनाओं पर कार्य चल रहा है। चारधाम यात्रा में ऐतिहासिक बढ़ोतरी हो रही है, जिसका प्रत्यक्ष लाभ स्थानीय निवासियों को मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार ने मिलकर उत्तराखंड को नई दिशा देने का काम किया है। चारों धामों को ऑल वेदर सड़क से जोड़ा गया है, जिसका प्रमुख केंद्र श्रीनगर भी है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन का निर्माण कार्य तेज गति से पूरा किया जा रहा है। इस रेल मार्ग का एक स्टेशन श्रीनगर में भी है, जिससे स्थानीय लोगों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

श्रीनगरवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए मुख्यमंत्री ने नगर में करीब नौ साल बाद सिटी बस सेवा शुरू की। उन्होंने पार्षदों से भरी सिटी बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर नगर में स्थापित ईवी चार्जिंग स्टेशन का भी लोकार्पण किया गया। इससे इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को प्रोत्साहन मिलने के साथ पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा। इसे स्वच्छ एवं हरित शहरी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया गया।

मुख्यमंत्री ने नगर निगम श्रीनगर क्षेत्र में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं निस्तारण सुविधा, स्वर्गीय रणजीत सिंह भंडारी वाटिका (रेन वॉटर हार्वेस्टिंग पार्क), सड़क एवं नाली निर्माण, लक्ष्मीनारायण पार्क, पार्कों के सौंदर्यीकरण और अन्य नागरिक सुविधाओं से संबंधित विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं से नगर की स्वच्छता व्यवस्था, पर्यावरण संरक्षण और बुनियादी नागरिक सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान बच्चों के साथ उनका आत्मीय संवाद भी आकर्षण का केंद्र रहा। कॉलेज गेट के समीप विद्यार्थियों को देखकर मुख्यमंत्री प्रोटोकॉल से हटकर अपने वाहन से नीचे उतरे और उनके बीच पहुंचकर बातचीत की। उन्होंने बच्चों का हालचाल जाना और उनसे संवाद किया। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर बच्चे खासे उत्साहित नजर आए।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, श्री सतपाल महाराज, श्री भरत चौधरी, महापौर आरती भंडारी, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, उपजिलाधिकारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। विकास योजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास, सिटी बस सेवा की शुरुआत और महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन के जरिए श्रीनगर में शहरी सुविधाओं तथा स्थानीय आजीविका को बढ़ावा देने से जुड़े कई कदम एक साथ सामने आए।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story