उत्तराखण्ड की विकास यात्रा, सांस्कृतिक विरासत और राज्य में हो रहे बदलावों को गीत-संगीत के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने की पहल के तहत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में ‘बेटा हिमालय का’ गीत का विमोचन किया। यह गीत उत्तराखण्ड के विकास कार्यों और राज्य की निरंतर प्रगति को समर्पित है।

टीम उत्तराधुन द्वारा तैयार किए गए इस गीत में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों को दृश्यात्मक और संगीतमय प्रस्तुति के माध्यम से दर्शाया गया है। इसमें पर्यटन के विस्तार, महिला सशक्तीकरण, युवाओं के लिए बढ़ते अवसरों के साथ स्टार्टअप और नवाचार के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को भी शामिल किया गया है।

गीत के विमोचन के अवसर पर मुख्यमंत्री ने इसके निर्माण से जुड़े सभी कलाकारों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गीत-संगीत जनभावनाओं को अभिव्यक्त करने का सशक्त माध्यम है। इस तरह की रचनात्मक प्रस्तुतियां राज्य की विकास यात्रा, उपलब्धियों और भविष्य की संभावनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार उत्तराखण्ड के समग्र विकास के साथ मातृशक्ति के सशक्तीकरण, युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और पर्यटन की संभावनाओं को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य की समृद्ध लोकसंस्कृति और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के साथ स्थानीय कलाकारों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध है।

‘संकल्प नए उत्तराखण्ड का’ थीम पर आधारित इस गीत में प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता के साथ विभिन्न क्षेत्रों में हो रही उत्तरोत्तर प्रगति और विकास की नई संभावनाओं को रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत किया गया है। गीत के माध्यम से उत्तराखण्ड के विकास कार्यों, सामाजिक सशक्तीकरण और सांस्कृतिक पहचान को व्यापक स्तर पर पहुंचाने का प्रयास किया गया है।

Next Story