मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को हल्द्वानी के रामपुर रोड स्थित विंटेज ग्रीन में आयोजित कार्यक्रम में एनकेबी टाइम्स का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने एनकेबी टाइम्स की पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वस्थ लोकतंत्र के लिए निष्पक्ष, सकारात्मक और जिम्मेदार पत्रकारिता बेहद आवश्यक है। उन्होंने जनसमस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने और समाज को जागरूक करने में पत्रकारिता की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकारिता समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति की समस्याओं को सामने लाने और उनके समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। पत्रकार जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि एनकेबी टाइम्स जनहित से जुड़े विषयों को प्रमुखता देने के साथ पत्रकारिता के मूल्यों को आगे बढ़ाने का कार्य करेगा। पत्रकारिता को जन-जन तक पहुंचाने और निरंतर आगे बढ़ाने के लिए सभी के सहयोग को भी उन्होंने महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 'सबके राम' की अवधारणा पर अपने विचार रखते हुए कहा कि भगवान श्रीराम किसी एक धर्म, जाति या वर्ग तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनके आदर्श संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। भारतीय परंपरा में भगवान श्रीराम को मर्यादा पुरुषोत्तम, आदर्श राजा और मानवीय मूल्यों का प्रतीक माना गया है। उनका जीवन त्याग, संयम, साहस, सहयोग, मर्यादा और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 22 जनवरी 2024 को अयोध्या में श्रीराम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के अवसर पर भगवान श्रीराम को ऊर्जा, समाधान और अनंतकाल का प्रतीक बताया था। भगवान श्रीराम के आदर्श समाज को एकता और सद्भाव का संदेश देते हैं। अयोध्या से रामेश्वरम तक भगवान श्रीराम से जुड़ी आस्था और परंपराएं देश की सांस्कृतिक एकता को मजबूत करती हैं। उन्होंने कहा कि 'सबके राम' का भाव समाज को जोड़ने, परस्पर सम्मान और मानवीय मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा देता है।

इस अवसर पर श्री नमन कृष्ण महाराज ने भी भगवान श्रीराम के जीवन, उनके आदर्शों और आध्यात्मिक महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री श्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, श्रीमती सरिता आर्या एवं श्री राजेश शुक्ला, जिलाध्यक्ष श्री प्रताप बिष्ट, दायित्वधारी डॉ. अनिल कपूर डब्बू, श्री शंकर कोरंगा, श्री नवीन वर्मा, श्रीमती भावना मेहरा एवं श्रीमती रेणु अधिकारी उपस्थित रहे।

इसके अलावा एनकेबी टाइम्स के निदेशक श्री आदित्य सिसौदिया, श्री सिद्धार्थ सिसौदिया, श्री आशुतोष सिंह एवं श्री गणेश जोशी, कुमाऊं मंडलायुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री श्री दीपक रावत, पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र श्रीमती निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी नैनीताल श्री ललित मोहन रयाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. सहित जनप्रतिनिधिगण एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। एनकेबी टाइम्स के शुभारंभ के अवसर पर मुख्यमंत्री ने जिम्मेदार पत्रकारिता, जनसरोकारों और सामाजिक एकता को लोकतांत्रिक व्यवस्था के महत्वपूर्ण आधार के रूप में रेखांकित किया।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story