देहरादून। उत्तराखंड में विकास कार्यों और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न जनपदों के लिए 14.68 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। स्वीकृत धनराशि से मंदिरों का सौंदर्यीकरण, सड़कों का निर्माण, पर्यटक स्थलों का विकास, मिनी स्टेडियम और खेल मैदान तैयार करने के साथ ही हैंडपंप स्थापित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त विभिन्न विद्यालयों की मरम्मत और जीर्ण-शीर्ण भवनों के पुनर्निर्माण के कार्य भी कराए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने चम्पावत जनपद के लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में चौमेल पुलहिंडोला में मिनी स्टेडियम तथा मूलाकोट पार्टी, ईजड़ा में खेल मैदान के निर्माण के लिए 1.85 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत करने का अनुमोदन प्रदान किया है।

हरिद्वार जनपद के पिरान कलियर विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न सीसी मार्गों और इंटरलॉकिंग सड़कों के निर्माण के लिए 2.49 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी गई है। वहीं, पिथौरागढ़ जनपद के धारचूला विधानसभा क्षेत्र में लीती से मां होकरा मंदिर तक ट्रैक रूट और व्यू प्वाइंट के निर्माण के लिए 88.79 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। देहरादून जनपद के डोईवाला विधानसभा क्षेत्र में वन विभाग की थानों रेंज के अंतर्गत अरले वाली जॉलीग्रांट सैंज चौकी से जुड्डी गांव होते हुए कालूवाला को जोड़ने वाली सड़क के निर्माण के लिए 98.75 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।

इसके साथ ही उत्तराखंड जजेस एसोसिएशन के बेनवोलेट फंड के लिए 2.50 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसमें से प्रथम किश्त के रूप में 1.00 करोड़ रुपये जारी करने का अनुमोदन किया गया है। ऊधमसिंह नगर जनपद के खटीमा विधानसभा क्षेत्र में 300 हैंडपंप स्थापित करने के लिए भी 86.57 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।

टिहरी जनपद में मंदिरों के विकास और धार्मिक स्थलों की सुविधाओं के विस्तार के लिए भी महत्वपूर्ण वित्तीय मंजूरियां दी गई हैं। टिहरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मंदिरों के सौंदर्यीकरण के लिए 39.84 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। नई टिहरी के बौराड़ी स्थित नवदुर्गा मंदिर की मरम्मत और सौंदर्यीकरण के लिए 2.98 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस कार्य के लिए प्रथम किश्त के रूप में 1.00 करोड़ रुपये जारी करने का अनुमोदन किया गया है। प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र के हुण्डेश्वर महादेव मंदिर में ध्यान केंद्रों के निर्माण के लिए 82.62 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।

बागेश्वर जनपद के कपकोट विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न मंदिरों के सौंदर्यीकरण के लिए 1.60 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। वहीं, चम्पावत जनपद के हिंग्लादेवी मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 48.41 लाख रुपये का अनुमोदन प्रदान किया गया है।

पिथौरागढ़ जनपद के गंगोलीहाट विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न मंदिरों के सौंदर्यीकरण के लिए 49.34 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा पर्यटक स्थल मणकेश्वर सिद्ध महादेव में पर्यटन विकास कार्यों और सौंदर्यीकरण के लिए 70.00 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है। डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र के ग्राम हड़खोला स्थित घटयूड़िया मंदिर के पुनर्निर्माण और सौंदर्यीकरण के लिए 81.10 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत करने का अनुमोदन किया गया है।

देहरादून जनपद के रायपुर विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा संबंधी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए भी वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके तहत किद्दूवाला, तुनवाला, नालापानी, अपर तुनवाला-प्रथम, नेहरूग्राम, धर्मपुर, ननूरखेड़ा और सौड़ा स्थित प्राथमिक विद्यालयों की मरम्मत कराई जाएगी। इसके साथ ही सरस्वती विहार और रांझावाला ढांग प्राथमिक विद्यालयों के मरम्मत कार्य भी स्वीकृत किए गए हैं।

गुजराड़ा, माजरी माफी, मालदेवता, रायपुर, मियांवाला और श्री गुरूरामराय पब्लिक स्कूल, नेहरूग्राम के जीर्ण-शीर्ण माध्यमिक विद्यालयों का पुनर्निर्माण कराया जाएगा। राजीव गांधी नवोदय विद्यालय, रायपुर की बिल्डिंग और छात्रावास की मरम्मत का कार्य भी इस स्वीकृति में शामिल है। इन सभी कार्यों के लिए कुल 28.18 लाख रुपये की धनराशि मंजूर की गई है।

मुख्यमंत्री की इन वित्तीय स्वीकृतियों के तहत प्रदेश के विभिन्न जनपदों में सड़क, खेल, पेयजल, पर्यटन, धार्मिक स्थलों और शिक्षा से जुड़े निर्माण एवं मरम्मत कार्यों को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हुआ है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story