देहरादून में गुरुवार को मेरा युवा भारत, उत्तराखण्ड की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय वन्दे मातरम् कैंप में विभिन्न राज्यों से आए युवाओं ने राष्ट्रभक्ति, पर्यावरण संरक्षण, नागरिक दायित्व और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर विस्तृत संवाद किया। कैंप का मुख्य उद्देश्य युवाओं को देश की विविध संस्कृति, राष्ट्रीय एकता, पर्यावरणीय जिम्मेदारी और सामाजिक सरोकारों से जोड़ना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों और गणमान्यजनों ने दीप प्रज्वलित कर तथा सामूहिक वन्दे मातरम् गायन के साथ किया। इसके बाद राज्य निदेशक, मेरा युवा भारत, उत्तराखण्ड श्री राहुल डबराल ने कैंप की रूपरेखा, उद्देश्यों और प्रतिभागियों के लिए निर्धारित गतिविधियों की जानकारी दी। हिमाचल प्रदेश के प्रतिभागियों ने वन्दे मातरम् पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुति दी, जिसने देशभक्ति और सांस्कृतिक एकता के भाव को सशक्त किया।

मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री, उत्तराखंड एवं हरिद्वार निर्वाचन क्षेत्र के वर्तमान सांसद श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने युवाओं को संबोधित करते हुए पर्यावरण संरक्षण, नागरिक अनुशासन, ईमानदारी और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी को युवा जीवन का मूल आधार बताया। उन्होंने रोजमर्रा के जीवन में प्लास्टिक के बढ़ते उपयोग तथा पर्यावरण एवं मानव स्वास्थ्य पर इसके दुष्प्रभावों के प्रति सचेत रहने की बात कही। उन्होंने युवाओं से दैनिक जीवन की छोटी-छोटी आदतों के माध्यम से नागरिक बोध विकसित करने और स्वच्छ एवं जिम्मेदार समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

सांसद श्री रावत ने कहा, "प्रत्येक युवा अपने क्षेत्र—चाहे वह खेल, इंजीनियरिंग, विज्ञान, अंतरिक्ष, या तकनीकी कार्य हो—में अपना योगदान देकर राष्ट्र निर्माण का भागीदार बन सकता है। आज युवाओं को यह विचार करने की आवश्यकता है कि 'विकसित भारत' बनाने में मेरा क्या योगदान हो सकता है।"

कार्यक्रम में उत्तराखण्ड सरकार की कैबिनेट मंत्री श्रीमती रेखा आर्या की भी उपस्थिति रही। उन्होंने कहा कि युवा ही भारत का स्वर्णिम भविष्य हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ऐसे राष्ट्र निर्माण और प्रेरणादायी कार्यक्रमों में अधिक से अधिक बेटियाँ बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करें और नेतृत्व संभालें।

कार्यक्रम के बौद्धिक सत्र में डॉ. योगेश धस्माना ने 'द इम्पोर्टेंस ऑफ वंदे मातरम्' विषय पर युवाओं के साथ विचार-विमर्श किया। इस दौरान वन्दे मातरम् के ऐतिहासिक एवं राष्ट्रीय महत्व पर प्रकाश डाला गया। अंतिम सत्र में डॉ. सुनैना रावत, राज्य एनएसएस अधिकारी, उत्तराखण्ड ने भी प्रतिभागियों को संबोधित किया।

'मेरा युवा भारत', उत्तराखण्ड द्वारा आयोजित इस कैंप के माध्यम से युवाओं को देश की विविध संस्कृति, राष्ट्रीय एकता, पर्यावरणीय जिम्मेदारी और सामाजिक सरोकारों से जोड़ने पर जोर दिया गया। विभिन्न राज्यों से आए युवाओं की सहभागिता ने कार्यक्रम में राष्ट्रीय एकता के संदेश को और मजबूती प्रदान की। कार्यक्रम में अविनाश कुमार सिंह, उप निदेशक, रोशन कुमार और बृजेश कौशिक मौजूद रहे।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story