मुख्यमंत्री धामी ने लॉन्च किया ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ एप, किसानों को मिलेंगी कई डिजिटल सेवाएं
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ मोबाइल एप लॉन्च किया। एप में मौसम अलर्ट, फसल सलाह, एआई आधारित रोग पहचान, बाजार, परिवहन और लॉजिस्टिक्स सहित किसानों व स्वयं सहायता समूहों के लिए कई सुविधाएं हैं।

तस्वीर में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और अन्य गणमान्य व्यक्ति मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ ऐप ब्रोशर के साथ नजर आ रहे हैं। बाएँ से दाएँ: समिति के सदस्य, श्रीमती कमला डबराल, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, समिति के प्रतिनिधि, कृषि मंत्री गणेश जोशी और सूरवीर सिंह कठैत।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में मनोरमा डबराल जन कल्याण समिति द्वारा विकसित किसान-केंद्रित मोबाइल एप ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ का शुभारंभ किया। यह एप किसानों और स्वयं सहायता समूहों की व्यावहारिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कृषि उत्पादन से लेकर बाजार तक डिजिटल सहयोग उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकसित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ एप को किसानों एवं स्वयं सहायता समूहों के लिए उपयोगी बताते हुए इस पहल के लिए संस्था को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के बेहतर उपयोग से किसानों को कृषि संबंधी आवश्यक जानकारियां एवं सेवाएं सुगमता से उपलब्ध कराने में इस प्रकार की पहल उपयोगी साबित हो सकती है।
मनोरमा डबराल जन कल्याण समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ एप के माध्यम से किसानों को रियल टाइम मौसम संबंधी जानकारी एवं अलर्ट, फसल-विशिष्ट कृषि सलाह, एआई आधारित फसल रोग पहचान, कृषि एवं बाजार संबंधी जानकारी तथा परिवहन एवं लॉजिस्टिक्स से संबंधित सुविधाएं एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है।
एप में स्वयं सहायता समूहों एवं ग्रामीण उद्यमों को बाजार से जोड़ने से संबंधित सुविधाओं को भी शामिल किया गया है। समिति के पदाधिकारियों के अनुसार, एप को किसानों की व्यावहारिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है। इसका उद्देश्य आधुनिक तकनीक के माध्यम से किसानों को कृषि उत्पादन से लेकर बाजार तक आवश्यक डिजिटल सहयोग उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री श्री गणेश जोशी, मनोरमा डबराल जन कल्याण समिति से श्रीमती कमला डबराल, श्री राजेश डबराल, श्री अंशुल, श्री प्रांजल नौडियाल एवं सूरवीर सिंह कठैत उपस्थित रहे। ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ एप के शुभारंभ से किसानों और स्वयं सहायता समूहों को कृषि, मौसम, बाजार, फसल रोग पहचान तथा परिवहन-लॉजिस्टिक्स से जुड़ी सेवाएं एक डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराने की पहल को आगे बढ़ाया गया है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
