कुंभ मेला 2027: मुख्य सचिव ने समीक्षा बैठक में दिए समयबद्ध कार्य के निर्देश
आनंद बर्द्धन ने अधिकारियों को पार्किंग, मानव संसाधन, साइनेज और निर्माण कार्य तय समयसीमा में पूरा करने का आदेश दिया।

तस्वीर में देहरादून स्थित कार्यालय में अधिकारियों के साथ कुंभ मेले की समीक्षा बैठक करते मुख्य सचिव।
देहरादून, 08 अक्टूबर, 2026 (सू. ब्यूरो)। मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन ने कुम्भ मेला 2027 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए निर्माण और अन्य आवश्यक कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो कार्य समानांतर रूप से किए जा सकते हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर साथ-साथ पूरा किया जाए, ताकि समय का सदुपयोग हो और कुम्भ मेले से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर तैयार हो सकें।
मुख्य सचिव ने कहा कि जनगणना एवं निर्वाचन सम्बन्धी कार्यों के कारण कुम्भ मेला 2027 के लिए आवश्यक अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपलब्धता प्रभावित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए अभी से आवश्यक प्लानिंग करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने सम्बन्धित विभागों को कुम्भ मेले के लिए आवश्यक मानव संसाधन का आंकलन कर समय से तैनाती की कार्ययोजना तैयार करने को कहा।
उन्होंने कुम्भ क्षेत्र में साइनेज की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साइनेज पर क्यूआर कोड की व्यवस्था करने को कहा गया, जिसमें श्रद्धालुओं के लिए उस स्थल की ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व सहित आवश्यक जानकारियां उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही, कुम्भ क्षेत्र की विभिन्न लोकेशन एवं सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए एक समर्पित ऐप भी तैयार कराया जा सकता है।
मुख्य सचिव ने कुम्भ मेले के लिए बनाई गई स्थायी व्यवस्थाओं के कुम्भ के बाद भी संचालन एवं रख-रखाव के लिए अभी से प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्थायी ब्रिजों के निर्माण कार्य की लगातार मॉनिटरिंग करते हुए इन्हें नवम्बर माह के अन्त तक अनिवार्य रूप से पूरा करने को कहा।
कुम्भ मेला क्षेत्र में पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। मुख्य सचिव ने कहा कि सरकारी एवं सरकारी एजेंसियों की भूमि पर पार्किंग तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए किए जाने वाले आवश्यक कार्य तत्काल प्रारम्भ किए जाएं, ताकि इन व्यवस्थाओं को समय रहते तैयार किया जा सके।
उन्होंने नहरबंदी के दौरान किए जाने वाले कार्यों की पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने और इस अवधि का अधिकतम उपयोग करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी आवश्यक कार्यों की पहले से तैयारी पूरी कर ली जाए और निर्धारित अवधि में कार्य सम्पन्न किए जाएं।
मुख्य सचिव ने सिंचाई एवं पेयजल विभाग के विभिन्न निर्माण कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग करते हुए कुम्भ मेला शुरू होने से पहले उन्हें पूरा कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मेलाधिकारी एवं सम्बन्धित विभागाध्यक्ष स्वयं इन कार्यों की नियमित समीक्षा करें और निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।
कुम्भ मेले के दौरान यातायात व्यवस्था सुगम बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक वैकल्पिक मार्गों एवं व्यवस्थाओं को समय से तैयार करने के निर्देश दिए गए। मुख्य सचिव ने मेलाधिकारी को कुम्भ से सम्बन्धित कार्यों का लगातार स्थलीय निरीक्षण करने को कहा।
उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली किसी भी प्रकार की समस्या से तत्काल अवगत कराया जाए, ताकि सम्बन्धित विभाग के साथ समन्वय कर उसका शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके। मुख्य सचिव ने सभी सम्बन्धित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने और किसी भी स्तर पर आने वाली समस्या का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रमुख सचिव श्री आर. मीनाक्षी सुन्दरम, सचिव श्री षैलेश बगौली, श्री नितेष कुमार झा, श्री विनोद कुमार सुमन, आयुक्त गढ़वाल श्री आनन्द स्वरूप एवं मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
