उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को खटीमा में 14.97 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण परियोजना का भूमि पूजन कर क्षेत्रवासियों को बड़ी विकास परियोजना की सौगात दी। खटीमा चौक से थारू विकास भवन तक मोटर मार्ग के चौड़ीकरण से स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही, यातायात व्यवस्था बेहतर होने और जाम की समस्या कम होने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने खटीमा के राणा मार्केट (सितारगंज रोड) में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए इस परियोजना का भूमि पूजन किया। उन्होंने कहा कि सड़क चौड़ीकरण का कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्र में आवागमन अधिक सुगम होगा और स्थानीय लोगों के साथ व्यापारियों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने खटीमा की जनता के स्नेह और अपनत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि खटीमा से उनका रिश्ता केवल एक जनप्रतिनिधि का नहीं, बल्कि मां-बेटे के अटूट रिश्ते जैसा है। यहां के लोगों का स्नेह और आशीर्वाद उन्हें निरंतर प्रदेश की सेवा करने की ऊर्जा प्रदान करता है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खटीमा के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। राजकीय महाविद्यालय में भवन निर्माण, आईटीआई एवं बालिका विद्यालयों के आधुनिकीकरण सहित शिक्षा के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि क्षेत्र में सड़कों के चौड़ीकरण, पुलों के निर्माण और बस अड्डे जैसी सुविधाओं के विकास से स्थानीय नागरिकों को लाभ मिल रहा है। किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए चीनी मिल का संचालन, गन्ने की समय पर पेराई और भुगतान सुनिश्चित करना भी सरकार की प्राथमिकता में शामिल है।

मुख्यमंत्री ने खटीमा की जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए व्यापक स्तर पर किए जा रहे कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ऑक्सीजन पार्क, क्रोकोडाइल पार्क और धार्मिक स्थलों के विकास से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

उन्होंने कहा कि खटीमा को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक सुविधाओं से युक्त नगर बनाना उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्र के विकास से जुड़े कार्यों को आगे भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ जारी रखा जाएगा।

कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री खटीमा चौराहे से पैदल चलकर आयोजन स्थल तक पहुंचे। इस दौरान स्थानीय नागरिकों ने रास्ते में जगह-जगह फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दायित्वधारी मोहिनी पोखरिया, संतोष गौरव, गंभीर सिंह धामी, किशन सिंह, रणजीत सिंह नामधारी, भाजपा नेता सतीश भट्ट, रामू भारती और अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

14.97 करोड़ रुपये की इस सड़क चौड़ीकरण परियोजना को खटीमा की यातायात व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के समग्र विकास के लिए योजनाओं को निरंतर आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story