उत्तराखंड: धामी सरकार ने ₹36 करोड़ की विकास योजनाओं को दी मंजूरी
हरिद्वार और ज्वालापुर में मार्ग निर्माण समेत कुंभ सुरक्षा और सड़कों के रखरखाव में एआई निगरानी के लिए बजट स्वीकृत।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड में सड़क निर्माण, पेयजल व्यवस्था, धार्मिक स्थल के सौंदर्यीकरण और कुंभ मेले की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों के लिए लगभग ₹36 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। स्वीकृत कार्यों में हरिद्वार और ज्वालापुर में सीसी मार्ग निर्माण से लेकर देहरादून की मुख्य सड़कों के रखरखाव में डिजिटल तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग तक की योजनाएं शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने राज्य योजना के अंतर्गत जनपद हरिद्वार के विधानसभा क्षेत्र हरिद्वार के मध्य हरिद्वार क्षेत्र में 05 किलोमीटर सीसी मार्ग के निर्माण के लिए ₹4.21 करोड़ तथा ज्वालापुर क्षेत्र में 05 किलोमीटर सीसी मार्ग के निर्माण के लिए ₹4.83 करोड़ की धनराशि स्वीकृत करने का अनुमोदन प्रदान किया है। इसके साथ ही जनपद नैनीताल के विधानसभा क्षेत्र कालाढूंगी के विकासखंड कोटाबाग में सरदारनगर-केशोवाला-बन्नाखेड़ा-बैलपड़ाव-कोटाबाग-कालाढूंगी राज्य मार्ग संख्या 61 के किलोमीटर 75.200 से 81.00 तक बीएम/एसडीबीसी से सुधारीकरण के लिए ₹5 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है।
जनपद ऊधमसिंह नगर के विधानसभा क्षेत्र गदरपुर में नेतानगर से राधास्वामी सत्संग होते हुए अमरपुर तक सड़क का बीएम/एसडीबीसी से सुधारीकरण करने और आंतरिक मार्गों का इंटरलॉकिंग टाइल्स से निर्माण करने के लिए ₹6.14 करोड़ की धनराशि स्वीकृत करने का अनुमोदन दिया गया है। वहीं, श्रीरामपुर से धीमरी ब्लॉक होते हुए चकीमोड़ तक सड़क निर्माण के लिए ₹5.73 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है।
देहरादून शहर की मुख्य सड़कों के रखरखाव की निगरानी को प्रभावी बनाने के लिए परफॉरमेंस बेस्ड मेंटेनेंस कॉन्ट्रैक्ट (पीबीएमसी) के तहत पर्यवेक्षण सलाहकार की नियुक्ति को भी मंजूरी दी गई है। इस कंसल्टेंसी सेवा में ठेकेदार द्वारा किए जाने वाले नियमित रखरखाव कार्यों का निष्पक्ष मूल्यांकन करने के लिए सूचना प्रौद्योगिकी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग किया जाएगा। इसके तहत पीबीएमसी की निगरानी के लिए डिजिटल तकनीकों पर आधारित डैशबोर्ड तैयार करने, बुनियादी ढांचे की निगरानी करने तथा आवश्यक तकनीकी और वित्तीय क्षमताएं जुटाने का प्रावधान है। इस कार्य के लिए मुख्यमंत्री ने ₹4.63 करोड़ की धनराशि स्वीकृत करने का अनुमोदन प्रदान किया है।
पेयजल व्यवस्था से जुड़े कार्यों के तहत जनपद देहरादून के विकासखंड रायपुर की इंदिरा कॉलोनी पेयजल योजना के लिए ₹3.59 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है। जनपद पिथौरागढ़ के विधानसभा क्षेत्र पिथौरागढ़ में मंदिर कुमौड़ के सौंदर्यीकरण के लिए ₹96 लाख की वित्तीय स्वीकृति को भी मुख्यमंत्री ने अनुमोदन प्रदान किया है।
कुंभ मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस विभाग के लिए एंटी सबोटाज जांच में इस्तेमाल होने वाले 03 बम सूट खरीदने हेतु ₹1.53 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है।
इन स्वीकृतियों के माध्यम से राज्य के विभिन्न जिलों में सड़क निर्माण और सुधारीकरण, पेयजल योजना, धार्मिक स्थल के सौंदर्यीकरण तथा कुंभ मेले की सुरक्षा से संबंधित कार्यों को वित्तीय आधार मिला है। साथ ही, देहरादून की मुख्य सड़कों के रखरखाव में डिजिटल निगरानी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग की दिशा में भी कदम उठाया गया है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
