देहरादून में आयोजित युवा कौशल महोत्सव-2026 में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखण्ड के प्रतिभाशाली युवाओं की उपलब्धियों को सराहा और उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवा कौशल, मेहनत और प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि वैश्विक मंचों पर भी अपनी पहचान बना रहे हैं। उचित प्रशिक्षण और अवसर मिलने पर उत्तराखण्ड के युवा दुनिया के किसी भी मंच पर अपनी क्षमता का लोहा मनवा सकते हैं।

सोमवार को आईआरडीटी सभागार, देहरादून में कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग की ओर से आयोजित युवा कौशल महोत्सव-2026 में मुख्यमंत्री ने इंडिया स्किल प्रतियोगिता 2025-26 के अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर के विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया। इस दौरान सहसपुर स्थित स्किल हब सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से प्रशिक्षण लेकर रोजगार हासिल करने वाले 35 युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। वहीं, अखिल भारतीय व्यावसायिक परीक्षा-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 32 राजकीय आईटीआई टॉपर्स को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री ने आईटीआई में राज्य स्तरीय प्रवेश प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और आधुनिक बनाने के उद्देश्य से विभागीय पोर्टल विकसित करने में सराहनीय योगदान देने वाले विभागीय अधिकारियों एवं कार्मिकों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।

मुख्यमंत्री धामी ने अपने संबोधन में कहा कि यह आयोजन प्रदेश के युवाओं की मेहनत, प्रतिभा, कौशल और सामर्थ्य को सम्मान देने का अवसर है। उत्तराखण्ड के युवाओं ने अपनी उपलब्धियों से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश की विशिष्ट पहचान बनाई है। यदि उन्हें उचित प्रशिक्षण, अवसर और बेहतर मंच उपलब्ध कराया जाए तो वे विश्व के किसी भी प्रतिस्पर्धात्मक मंच पर अपनी क्षमता साबित कर सकते हैं।

उन्होंने सितंबर 2026 में चीन के शंघाई में आयोजित 48वीं वर्ल्ड स्किल्स प्रतियोगिता में भारत के प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि देश ने इस प्रतियोगिता में 6 सिल्वर मेडल और 20 मेडलियन्स फॉर एक्सीलेंस हासिल कर 10वां स्थान प्राप्त किया। यह वर्ल्ड स्किल्स प्रतियोगिता में भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इस उपलब्धि में उत्तराखण्ड के दो प्रतिभाशाली युवाओं सानिया जोशी और पार्थ बोहरा का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। सानिया जोशी ने रिटेल सेल्स और पार्थ बोहरा ने इंडस्ट्रियल डिजाइन टेक्नोलॉजी में सिल्वर मेडल जीतकर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया। मुख्यमंत्री ने दोनों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता प्रदेश के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश का कोई भी युवा संसाधनों या अवसरों की कमी के कारण अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाने से वंचित न रहे। युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, स्वरोजगार, उद्यमिता और खेल सहित प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके लिए राजकीय आईटीआई में प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुधारने, संस्थानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और उद्योगों की मौजूदा जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण व्यवस्था विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि विभिन्न औद्योगिक संस्थानों के साथ समन्वय स्थापित कर युवाओं को उन क्षेत्रों में प्रशिक्षण देने का प्रयास किया जा रहा है, जहां कुशल मानव संसाधन की अधिक मांग है। सहसपुर स्थित स्किल हब सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से प्रशिक्षित 35 युवाओं को नियुक्ति पत्र दिया जाना इसी प्रयास का परिणाम है। यह केवल रोजगार उपलब्ध कराने की उपलब्धि नहीं, बल्कि प्रशिक्षण से रोजगार तक पहुंचने वाली प्रभावी व्यवस्था का उदाहरण भी है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 100 से अधिक युवा विदेशों में भी अपनी सेवाएं देकर उत्तराखण्ड का नाम रोशन कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से नौकरी हासिल करने के साथ रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में भी आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को जॉब सीकर के बजाय जॉब क्रिएटर बनते देखना चाहती है, ताकि वे स्वयं रोजगार प्राप्त करने के साथ दूसरे लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा कर सकें।

इसके लिए प्रदेश में स्टार्टअप नीति लागू की गई है। नवाचार और उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के लिए इन्क्यूबेशन सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं और 200 करोड़ रुपये के वेंचर फंड की व्यवस्था की गई है। युवा प्रोत्साहन योजना तथा दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के माध्यम से युवाओं को ऋण एवं सब्सिडी की सुविधा भी दी जा रही है, ताकि आर्थिक संसाधनों की कमी उनके सपनों और नवाचार के रास्ते में बाधा न बने।

उन्होंने कहा कि युवाओं की समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को सीधे सरकार तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रदेश में युवा आयोग के गठन की दिशा में भी काम किया जा रहा है। इससे युवा राज्य की नीतियों और विकास प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभा सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने युवाओं के सर्वांगीण विकास में खेलों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना, संघर्ष और विपरीत परिस्थितियों में दोबारा खड़े होने का आत्मविश्वास भी प्रदान करते हैं। इसी सोच के साथ राज्य में नई खेल नीति लागू की गई है। खेल अवस्थापना सुविधाओं, स्टेडियमों और प्रशिक्षण केंद्रों का विस्तार किया जा रहा है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के साथ सरकारी सेवाओं में अवसर भी दिए जा रहे हैं, ताकि उत्तराखण्ड के युवा खेलों में भी अपनी विशिष्ट पहचान बना सकें।

भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल रहा है। उन्होंने भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक और नकल की पुरानी घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि एक समय ऐसी घटनाओं के कारण मेहनती और प्रतिभाशाली युवाओं का व्यवस्था से विश्वास कमजोर हुआ था। अभ्यर्थियों के माता-पिता जीवनभर की जमा पूंजी और मेहनत बच्चों की शिक्षा पर खर्च करते थे, लेकिन नकल माफियाओं के कारण उनकी मेहनत और प्रतिभा के साथ अन्याय होता था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पदभार संभालने के बाद उन्होंने संकल्प लिया था कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी कीमत पर खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। इसी संकल्प के तहत राज्य में देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया। इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और अब भर्ती परीक्षाएं पारदर्शी तरीके से आयोजित की जा रही हैं। युवाओं को बिना किसी सिफारिश और रिश्वत के केवल योग्यता के आधार पर सरकारी सेवाओं में चयनित होने का अवसर मिल रहा है।

उन्होंने बताया कि राज्य गठन के बाद से अब तक उत्तराखण्ड में लगभग 55 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्तियां मिली हैं। इनमें पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी प्रदान की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आंकड़ा केवल नियुक्तियों की संख्या नहीं, बल्कि युवाओं की मेहनत, योग्यता और सरकार की स्पष्ट नीति एवं दृढ़ प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि यह सभी का सामूहिक लक्ष्य है। भारत की युवा शक्ति इस लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। देश की लगभग 65 प्रतिशत युवा आबादी अपनी ऊर्जा, नवाचार, कौशल और सामर्थ्य के दम पर विकसित भारत के निर्माण में निर्णायक योगदान दे सकती है। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तराखण्ड के युवा भी इस राष्ट्रीय संकल्प को पूरा करने में अग्रणी भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए मजबूत सहयोगी के रूप में उनके साथ खड़ी है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश का प्रत्येक युवा अपनी प्रतिभा और कौशल के आधार पर आगे बढ़े तथा उत्तराखण्ड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के संकल्प में सहभागी बने।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, कैबिनेट मंत्री खजान दास, सचिव सी. रविशंकर, विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी, विभिन्न संस्थानों के प्रशिक्षक, सम्मानित प्रतिभागी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story