देहरादून। सूचना एवं लोक संपर्क विभाग में लगभग 30 वर्षों तक सेवाएं देने के बाद चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी रईस अहमद सेवानिवृत्त हो गए। उनके दीर्घकालीन सेवाकाल और विभाग के प्रति समर्पण को सम्मान देते हुए विभाग की ओर से विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और रईस अहमद को भावभीनी विदाई देते हुए उनके कार्यकाल की सराहना की।

महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने कहा कि किसी भी विभाग की कार्यप्रणाली को सुचारु बनाए रखने में प्रत्येक कार्मिक की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भी विभागीय व्यवस्था की मजबूत कड़ी होते हैं। रईस अहमद ने लगभग तीन दशकों तक पूरी निष्ठा, लगन और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया है। उनका सेवाकाल अन्य कार्मिकों के लिए भी प्रेरणादायी है।

उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा से सेवानिवृत्ति जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, लेकिन किसी व्यक्ति का अनुभव, व्यवहार और विभाग के प्रति उसका योगदान सदैव स्मरणीय रहता है। कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और अनुभव विभाग की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने रईस अहमद के स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

समारोह में अपर निदेशक आशीष त्रिपाठी, संयुक्त निदेशक नितिन उपाध्याय, उप निदेशक मनोज श्रीवास्तव, रवि बिजारनिया, बद्री चंद सहित विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी और रईस अहमद के परिजन मौजूद रहे। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके साथ बिताए कार्यकाल के अनुभव साझा किए और उनके सुखद भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम के दौरान माहौल आत्मीय और भावुक रहा। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने रईस अहमद को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी और शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर सूचना कर्मचारी संघ के अध्यक्ष कैलाश रावत, उपाध्यक्ष प्रशांत रावत, संजय कुमार, महामंत्री अंकित चौहान, कोषाध्यक्ष राकेश कुमार धीमान तथा संयुक्त मंत्री पारूल चौधरी सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। लगभग तीन दशक तक विभाग को दी गई सेवाओं के लिए रईस अहमद का सम्मान समारोह उनके योगदान और विभागीय कार्यप्रणाली में कार्मिकों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करने वाला रहा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story