चारधाम यात्रा मौसम में सुधार के बाद फिर शुरू, गढ़वाल आयुक्त ने दिए निर्देश
मौसम सामान्य होने के बाद श्रद्धालुओं के लिए यात्रा फिर से शुरू कर दी गई है। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

मौसम की स्थिति में सुधार के बाद चारधाम यात्रा को पुनः सुचारू कर दिया गया है। आयुक्त गढ़वाल मंडल श्री आनंद स्वरूप ने बताया कि इस संबंध में सभी संबंधित जिलाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
आयुक्त श्री आनंद स्वरूप ने बताया कि मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार यात्रियों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिगत 26 सितंबर की दोपहर से 27 सितंबर 2026 तक चारधाम यात्रा स्थगित की गई थी। अब मौसम में सुधार के बाद यात्रा को पुनः संचालित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि संबंधित जिलाधिकारी अपने-अपने जनपदों की स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार यात्रा संचालन के संबंध में आवश्यक निर्णय ले सकते हैं। मार्ग अवरुद्ध होने अथवा अत्यधिक वर्षा एवं प्रतिकूल मौसम की स्थिति में जिलाधिकारी अपने स्तर से यात्रा को अस्थायी रूप से स्थगित कर सकते हैं।
आयुक्त ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन द्वारा मौसम एवं यात्रा मार्गों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। यात्रियों से भी अपील की गई है कि वे मौसम की जानकारी लेकर तथा स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए यात्रा करें।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
