चारधाम यात्रा इस बार श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड संख्या के साथ नए आंकड़े दर्ज कर रही है। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन, राज्य सरकार के कुशल यात्रा प्रबंधन और बेहतर व्यवस्थाओं के कारण बद्रीनाथ एवं गंगोत्री धाम में श्रद्धालुओं की संख्या ने पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।

बद्रीनाथ धाम में अब तक 18.10 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं, जबकि गंगोत्री धाम में पहली बार सर्वाधिक 8.41 लाख श्रद्धालु पहुंचे हैं। यमुनोत्री धाम में भी दर्शनार्थियों की संख्या 7.5 लाख के पार पहुंच चुकी है। वहीं केदारनाथ यात्रा में अब तक 15.57 लाख यात्री दर्शन कर चुके हैं।

चारों धामों में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की कुल संख्या इस यात्रा काल में अब तक 53 लाख 23 हजार 401 पहुंच चुकी है। बीते वर्ष इसी अवधि में यात्री संख्या लगभग 46 लाख थी। यात्रा में अभी डेढ़ माह का समय शेष है। ऐसे में बीते वर्षों की तुलना में श्रद्धालुओं की संख्या में और अधिक वृद्धि होने का अनुमान है।

श्री हेमकुंट साहिब की यात्रा को लेकर भी श्रद्धालुओं में भारी उत्साह बना हुआ है। यहां बीते कई वर्षों की तुलना में पहली बार श्रद्धालुओं की संख्या 03 लाख 52 हजार 765 पहुंच चुकी है।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशन में चारधाम यात्रा को बेहद सतर्कता और निगरानी के साथ संचालित किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। यात्रा से जुड़े रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी जनपद में आपदा प्रबंधन विभाग को चौबीसों घंटे अलर्ट मोड में रखा गया है।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चारधाम यात्रा का पहला चरण बेहद सफल रहा है और दूसरे चरण में भी बड़ी संख्या में तीर्थयात्री पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसे देखते हुए सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं। यात्रा से जुड़े सभी जनपदों में आपदा प्रबंधन विभाग को अलर्ट मोड में रखा गया है। राज्य एवं जनपद स्तर पर संबंधित उच्चाधिकारियों द्वारा यात्रा व्यवस्थाओं की निरन्तर समीक्षा की जा रही है।

चारों धामों में 53 लाख 23 हजार 401 श्रद्धालुओं के पहुंचने और प्रमुख धामों में पुराने रिकॉर्ड टूटने के साथ इस वर्ष की यात्रा ने अब तक नया आंकड़ा दर्ज किया है। यात्रा का दूसरा चरण जारी रहने के कारण श्रद्धालुओं की संख्या में अभी और वृद्धि की संभावना बनी हुई है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story