चमोली में मातृशक्ति सम्मेलन: 5 लाख महिलाओं को बैणी-भुली योजना की सौगात
मुख्यमंत्री धामी ने पीपलकोटी में 149 करोड़ से अधिक की 30 विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया।

चमोली के पीपलकोटी में आयोजित मातृशक्ति सम्मेलन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनता का अभिवादन किया।
चमोली। उत्तराखंड में मातृशक्ति के सम्मान, आर्थिक स्वावलंबन और सशक्तीकरण को लेकर प्रदेश सरकार ने अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार, 17 नवंबर 2026 को चमोली जनपद के पीपलकोटी में आयोजित मातृशक्ति सम्मेलन में शिरकत करते हुए बैणी-भुली योजना के तहत प्रदेश की पांच लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। योजना की पहली किश्त दिसंबर माह में सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की जाएगी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनपद को ₹149.76 करोड़ की 30 विकास योजनाओं की सौगात देते हुए उनका शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक और सहायता राशि वितरित की।
सम्मेलन में पहुंचने पर मुख्यमंत्री का पारंपरिक वाद्य यंत्रों, कलश यात्रा और भव्य रोड शो के माध्यम से स्वागत किया गया। हजारों की संख्या में मौजूद महिलाओं ने पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने हाथ जोड़कर सभी का अभिवादन स्वीकार किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मुख्यमंत्री को श्री नंदा देवी राजजात की हस्तनिर्मित पेंटिंग भेंट कर स्वागत किया।
मातृशक्ति सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि नारी ज्ञान, विवेक और समृद्धि की आधारशिला है। वह समाज को दिशा देने के साथ भविष्य का निर्माण करती है और अपनी क्षमता से राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देती है। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति के बिना पहाड़ के जीवन और विकास की कल्पना भी नहीं की जा सकती।
मुख्यमंत्री ने चमोली की ऐतिहासिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि इसी धरती से शुरू हुए चिपको आंदोलन ने पूरी दुनिया को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया था। गौरा देवी और उनकी साथी महिलाओं का अदम्य साहस, संघर्ष तथा प्रकृति के प्रति समर्पण आज भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। उज्ज्वला योजना के माध्यम से महिलाओं को चूल्हे के धुएं से मुक्ति दिलाई गई है। वहीं, उन्हें बैंकिंग व्यवस्था से जोड़कर आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का काम किया गया है। वर्तमान में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी बिचौलिए के सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंच रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार भी महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण देकर रोजगार, नेतृत्व तथा आत्मनिर्भरता के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। मातृशक्ति की सुरक्षा, सम्मान और समान अधिकार सुनिश्चित करने की दिशा में उत्तराखंड देश में समान नागरिक संहिता लागू करने वाला पहला राज्य बना है। इसके अलावा ग्रामीण महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों में चमोली जनपद के नौ विकासखंडों में 900 से अधिक अत्यंत गरीब परिवारों की महिलाओं को तीन करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक सहायता दी गई है। सरकार का प्रयास है कि बेटी के जन्म से लेकर उसकी उच्च शिक्षा और आत्मनिर्भरता तक एक अभिभावक की तरह उसके साथ खड़ी रहे। नंदा गौरा योजना के तहत बेटी के जन्म पर 11 हजार रुपये और 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने के बाद उच्च शिक्षा के लिए 51 हजार रुपये की सहायता प्रदान की जा रही है।
बैणी-भुली योजना का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके माध्यम से प्रदेश की पांच लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक संबल मिलेगा। योजना के तहत दो किश्तों में प्रोत्साहन राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। इसकी पहली किश्त दिसंबर माह में जारी की जाएगी।
सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। वृक्षारोपण, अल्प बचत, श्रमदान और नशामुक्ति कार्यक्रमों में योगदान के लिए महिला मंगल दल मैडठैली की अध्यक्ष उत्तरा देवी तथा महिला मंगल दल पाखी की अध्यक्ष मीना देवी को सम्मानित किया गया।
मधुमक्खी पालन के क्षेत्र में भुवना देवी, पॉलीहाउस एवं खुली खेती के लिए रामेश्वरी देवी, बांस से बने उत्पाद तैयार करने के लिए उषा देवी तथा प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए लीला देवी को सम्मान मिला। कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने पर माहेश्वरी देवी, अनुसूया कुंवर और बिमला देवी को सम्मानित किया गया।
खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन के लिए निशा और स्वाति बड़वाल को सम्मानित किया गया। वहीं, लखपति दीदी के रूप में निरजा, रामेश्वरी देवी और अनीता देवी को सम्मान मिला। हाईस्कूल परीक्षा 2025-26 में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाली अंशिका, रिया, सिया और वंदना राय को भी मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया। इसके अलावा कवयित्री सुरभी देवी और मांगल गीत गायिका नन्दा सती को भी सम्मान प्रदान किया गया।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक और सहायता राशि वितरित की। पॉलीहाउस योजना के तहत मंजू देवी और सुनीता देवी को लाभ दिया गया। मिलेट्स उत्पादन के लिए अनुसया कुंवर और बिमला देवी को जिला स्तरीय किसान भूषण पुरस्कार से सम्मानित किया गया। अटल आवास योजना के तहत दीवानी देवी और सूरज लाल को लाभान्वित किया गया, जबकि सरोजनी देवी को अनुसूचित जाति पुत्री शादी अनुदान योजना का लाभ प्रदान किया गया। पशुपालन विभाग की ओर से उमा देवी और समुद्रा देवी को भी सहायता दी गई।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने चमोली जनपद में कुल 30 विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इन योजनाओं की कुल लागत 14,976.99 लाख रुपये यानी लगभग 149.77 करोड़ रुपये है। इनमें 13,358.76 लाख रुपये (लगभग 133.59 करोड़ रुपये) की लागत के 16 कार्यों का शिलान्यास और 1,618.23 लाख रुपये (लगभग 16.18 करोड़ रुपये) की लागत के 14 कार्यों का लोकार्पण शामिल है।
शिलान्यास की प्रमुख योजनाओं में प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग गोपेश्वर की ओर से दशोली क्षेत्र में 226.56 लाख रुपये की लागत से बम्बूधार से मूल गांव छिनका होते हुए मल्ला नौरी तक मोटर मार्ग निर्माण, 88.82 लाख रुपये से घुड़साल-सैकोट मोटर मार्ग निर्माण और 187.50 लाख रुपये से गोपेश्वर-देवरखडोरा-घिंघराण मोटर मार्ग के क्षतिग्रस्त हिस्से का पुनर्निर्माण शामिल है।
इसके अलावा 1,668 लाख रुपये की लागत से गोविंदघाट में 92.156 मीटर स्पान के मोटर पुल का निर्माण, 128.64 लाख रुपये से पीपलकोटी-मठ-मठेड़ा मोटर मार्ग और 263.85 लाख रुपये से अपर चमोली-खैनुरी मोटर मार्ग का वन टाइम मेंटेनेंस कार्य कराया जाएगा।
निर्माण खंड थराली के अंतर्गत मां नंदा देवी राजजात से संबंधित दो महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया गया। इनमें 1,506.17 लाख रुपये की लागत से ग्वालदम-नंदकेशरी मोटर मार्ग तथा 3,269 लाख रुपये से थराली-देवाल-मुंदोली-वाण मोटर मार्ग के सुधारीकरण एवं डामरीकरण का कार्य शामिल है।
निर्माण खंड गौचर के अंतर्गत 108.96 लाख रुपये से जयकंडी-सिरतोली मोटर मार्ग का विस्तार, 12.07 लाख रुपये से राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय खैनोली में भवन अनुरक्षण तथा 35.11 लाख रुपये से राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय कनोल में चारदीवारी और संपर्क मार्ग का निर्माण किया जाएगा।
इसी क्रम में 1,098.76 लाख रुपये की लागत से हापला-मसौली से गुडम नैल मोटर मार्ग, 556.48 लाख रुपये से पोखरी-हरिशंकर से थैलीथाला बैंड मोटर मार्ग, 1,401.31 लाख रुपये से धार डुंग्री-मैखुरा से निवाड़ी मोटर मार्ग, 664.96 लाख रुपये से कर्णप्रयाग-नौटी से चौण्डली ल्यूथा मोटर मार्ग तथा 2,147.50 लाख रुपये से ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग से जयकंडी-ग्वाड़ मोटर मार्ग निर्माण का शिलान्यास किया गया।
मुख्यमंत्री ने जनपद में पूर्ण हो चुके 14 विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया। इनमें 17.92 लाख रुपये की लागत से शिलेश्वर शिव मंदिर तक 250 मीटर मोटर मार्ग का डामरीकरण तथा 50-50 लाख रुपये की लागत से गौचर और उर्गम में बीपीएचयू का निर्माण शामिल है। इसके साथ ही 29.75 लाख रुपये से राजकीय इंटर कॉलेज पोखरी में लाइब्रेरी और 22.68 लाख रुपये से आर्ट एंड क्राफ्ट कक्ष का निर्माण कार्य पूरा किया गया है।
शिक्षा के क्षेत्र में राजकीय इंटर कॉलेज पोगठा में 26.77 लाख रुपये की लागत से जीव विज्ञान प्रयोगशाला, देवाल में 26.77 लाख रुपये से विज्ञान प्रयोगशाला और नंदासैंण में 26.77 लाख रुपये से रसायन विज्ञान प्रयोगशाला का निर्माण किया गया है। वहीं, 867.571 लाख रुपये की लागत से आईटीआई गोपेश्वर में कार्यशाला एवं वर्कशॉप का निर्माण पूरा हुआ है।
इसके अतिरिक्त 27.18 लाख रुपये से राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय देवाल में चारदीवारी एवं अनुरक्षण कार्य और 123.18 लाख रुपये से बगना में आयुर्वेदिक चिकित्सालय भवन का निर्माण किया गया है। राजकीय इंटर कॉलेज मंदोली में 105.21 लाख रुपये से चार कक्षा-कक्ष, राजकीय इंटर कॉलेज नारायणबगड़ में 109.02 लाख रुपये से चार कक्षा-कक्ष एवं शौचालय तथा राजकीय इंटर कॉलेज थराली में 135.38 लाख रुपये से तीन प्रयोगशालाओं, एक कक्षा-कक्ष और शौचालय ब्लॉक का निर्माण कार्य भी पूरा होने के बाद लोकार्पित किया गया।
विकास योजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हेलंग-डूंगरी बरोसी मोटर मार्ग, गोपेश्वर-पोखरी तथा त्रिशूला-भदूड़ा मोटर मार्ग के सुधारीकरण एवं निर्माण की घोषणा भी की। मातृशक्ति सम्मेलन में महिला सशक्तीकरण की योजनाओं, सम्मान समारोह और बुनियादी ढांचे से जुड़े विकास कार्यों के माध्यम से चमोली जनपद को आर्थिक एवं विकासात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाने की सौगात दी गई।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
