केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को देहरादून के परेड ग्राउंड में ₹1475.31 करोड़ की 62 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उत्तराखंड राज्योत्सव के अंतर्गत हुए इस कार्यक्रम में ₹1073.11 करोड़ की 44 योजनाओं की आधारशिला रखी गई, जबकि ₹402.20 करोड़ की लागत से पूरी हुई 18 योजनाओं का लोकार्पण किया गया। इन परियोजनाओं से प्रदेश में सड़क, बिजली, पेयजल, शहरी विकास, शिक्षा, पर्यटन और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को गति मिलेगी।

06 से 13 नवम्बर तक आयोजित उत्तराखण्ड राज्योत्सव कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार को आयोजित समारोह में विभिन्न विभागों की विकास परियोजनाओं को शामिल किया गया। ऊर्जा विभाग के अंतर्गत यूपीसीएल की ₹472.33 करोड़ की 20 योजनाओं का शिलान्यास और ₹77.93 करोड़ की तीन योजनाओं का लोकार्पण किया गया। इन परियोजनाओं से प्रदेश की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होने के साथ विभिन्न क्षेत्रों में बिजली से जुड़ी आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा।

पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पेयजल निगम की ₹191.17 करोड़ की आठ योजनाओं का शिलान्यास तथा ₹82.03 करोड़ की पांच योजनाओं का लोकार्पण किया गया। इसके अलावा जल संस्थान की ₹62.30 करोड़ की दो योजनाओं की आधारशिला रखी गई। इन कार्यों से आमजन को पेयजल सुविधाएं उपलब्ध कराने और आपूर्ति व्यवस्था में सुधार करने में मदद मिलेगी।

लोक निर्माण विभाग की ₹18.78 करोड़ की एक योजना का शिलान्यास तथा ₹99.68 करोड़ की तीन योजनाओं का लोकार्पण किया गया। वहीं, शहरी विकास विभाग की ₹92.25 करोड़ की चार योजनाओं का शिलान्यास और ₹10.95 करोड़ की एक योजना का लोकार्पण हुआ। इन परियोजनाओं में आगामी कुम्भ मेला-2027 को ध्यान में रखते हुए हरिद्वार में सड़क, पुल और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास से जुड़े कार्य भी शामिल हैं।

तकनीकी शिक्षा विभाग की ₹35.06 करोड़ की एक योजना का शिलान्यास और ₹61.98 करोड़ की तीन योजनाओं का लोकार्पण किया गया। इनमें नई टिहरी स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक में भवन निर्माण से संबंधित कार्य शामिल हैं। पर्यटन विभाग की ₹43.70 करोड़ की दो योजनाओं की आधारशिला रखी गई। इनमें टिहरी की डोबरा-चांठी पार्क परियोजना और श्री हेमकुण्ड साहिब रोपवे परियोजना के लिए विद्युत आपूर्ति से संबंधित कार्य शामिल हैं।

गृह विभाग की ₹68.27 करोड़ की दो योजनाओं का शिलान्यास किया गया। इसके तहत देहरादून में ₹31.63 करोड़ की लागत से साइबर उत्कृष्टता केंद्र तथा हल्द्वानी में ₹36.64 करोड़ की लागत से फायर स्टेशन के आवासीय भवनों का निर्माण किया जाएगा। वहीं, डेयरी विकास विभाग की ₹48.21 करोड़ की योजना की आधारशिला रखी गई। इसके अंतर्गत सितारगंज में मिल्क पाउडर प्लांट, आइसक्रीम प्लांट और बेकरी यूनिट का निर्माण किया जाएगा।

उच्च शिक्षा विभाग की ₹19.01 करोड़ की योजना के तहत राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अगस्त्यमुनि में पीजी ब्लॉक के निर्माण का शिलान्यास किया गया। आवास विभाग की ₹10.59 करोड़ की एक योजना का शिलान्यास और ₹12.48 करोड़ की एक योजना का लोकार्पण किया गया। इसके अलावा गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग की ₹11.44 करोड़ की एक योजना का शिलान्यास हुआ, जबकि चिकित्सा शिक्षा विभाग की ₹57.15 करोड़ की दो योजनाओं का लोकार्पण किया गया।

इन 62 विकास योजनाओं के माध्यम से उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को विस्तार देने की दिशा में काम आगे बढ़ेगा। बिजली, पेयजल, सड़क, शिक्षा, पर्यटन, शहरी विकास और स्वास्थ्य शिक्षा से जुड़े इन कार्यों से स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story