उत्तराखण्ड राज्य स्तरीय जिम्नास्टिक प्रतियोगिता में 150 खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन, तीन संस्थानों ने जीती ट्रॉफियां
देहरादून में आयोजित जिम्नास्टिक प्रतियोगिता में 150 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा, शेरवुड कॉलेज नैनीताल ने जीती ओवरऑल ट्रॉफी।

देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के विजेता बालक व बालिका जिम्नास्ट पदक दिखाए खड़े हैं।
देहरादून के महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में 25 अक्टूबर, 2026 रविवार को 15वीं उत्तराखण्ड राज्य स्तरीय आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक प्रतियोगिता-2026 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न विद्यालयों और जिम्नास्टिक अकादमियों के 150 बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में बालिका वर्ग की ट्रॉफी दून जिम्नास्टिक अकादमी, बालक वर्ग की ट्रॉफी सेंट जॉर्ज कॉलेज मसूरी और ओवरऑल टीम ट्रॉफी शेरवुड कॉलेज नैनीताल ने अपने नाम की।
जिम्नास्टिक फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में जिम्नास्टिक एसोसिएशन ऑफ उत्तराखण्ड द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में व्यक्तिगत प्रदर्शन के दौरान भी खिलाड़ियों ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं। सब-जूनियर कैटेगरी में समृद्धि शर्मा ने तीन स्वर्ण पदक जीते, जबकि मिनी-2 कैटेगरी में शनाया सुधांशु ने तीन स्वर्ण पदक अपने नाम किए।
जिम्नास्टिक एसोसिएशन के महासचिव प्रमोद चौधरी ने बताया कि प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका वर्ग के कुल 150 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रदेश के विभिन्न विद्यालयों और जिम्नास्टिक अकादमियों से आए खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में लड़कों की अपेक्षा लड़कियों की भागीदारी अधिक रही और उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में सेंट जॉर्ज कॉलेज मसूरी, दून इंटरनेशनल स्कूल देहरादून, ओएसिस स्कूल, सेंट जोसेफ्स अकादमी देहरादून, सन वैली स्कूल देहरादून, पतंजलि गुरुकुलम स्कूल हरिद्वार, माउंट फोर्ट अकादमी, द एशियन स्कूल, हिलग्रेंज स्कूल, कॉन्वेंट ऑफ जीसस एंड मैरी, शेरवुड कॉलेज नैनीताल तथा दून जिम्नास्टिक अकादमी देहरादून के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य उत्तराखण्ड में जिम्नास्टिक खेल को प्रोत्साहित करना, युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराना और खेलों के प्रति युवाओं की रुचि बढ़ाना रहा। इस तरह के आयोजन खिलाड़ियों को राज्य स्तर पर अपनी क्षमता साबित करने के साथ भविष्य में उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार होने का अवसर प्रदान करते हैं।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
