सीएम योगी आदित्यनाथ ने मेरठ में शहीद सैनिकों की वीरांगनाओं को किया सम्मानित
मेरठ के कुलवंत सिंह स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में पांच दशक पहले से लेकर हाल ही तक के शहीदों की पत्नियों को सम्मानित किया गया।

मेरठ के कुलवंत सिंह स्टेडियम में सीएम योगी आदित्यनाथ ने शहीद सैनिकों की वीरांगनाओं को सम्मानित किया।
मेरठ में शनिवार को कुलवंत सिंह स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देश के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले सैनिकों की वीरांगनाओं को सम्मानित किया। इस दौरान पांच दशक पहले शहीद हुए सैनिक की पत्नी से लेकर अक्टूबर 2022 में पति को खोने वाली वीर नारी तक को सम्मान मिला। सम्मान के इस पल ने उन महिलाओं की वर्षों पुरानी यादों और संघर्ष को एक बार फिर सामने ला दिया, जिन्होंने पति की शहादत के बाद परिवार की जिम्मेदारियां संभालते हुए बच्चों का पालन-पोषण किया।
किसी ने पांच दशक पहले देश की रक्षा में अपने पति को खोया तो किसी का सुहाग कारगिल युद्ध में उजड़ गया। एक वीरांगना ऐसी भी रहीं, जिन्हें पति के पार्थिव शरीर की पहचान और अंतिम दर्शन के लिए करीब पांच महीने तक इंतजार करना पड़ा। शनिवार को मुख्यमंत्री के हाथों सम्मानित होने के दौरान किसी के चेहरे पर पति की शहादत का गर्व नजर आया तो किसी की आंखें पुरानी यादों से नम हो गईं। इन महिलाओं के लिए यह आयोजन केवल सम्मान समारोह नहीं, बल्कि उनके परिवारों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को मिली पहचान का अवसर बना।
नांगल क्षेत्र के छपरा गांव निवासी संतोष के पति करीब 50 साल पहले देश की रक्षा करते हुए शहीद हो गए थे। आधी सदी बीत जाने के बावजूद पति की यादें आज भी उनके जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों सम्मान प्राप्त करने के बाद उन्होंने इसे अपने परिवार और सैनिक परिवारों के लिए गर्व का पल बताया।
मेरठ के शोभापुर निवासी अबरीशा खातून के पति अजमेर अली वर्ष 1987 में लद्दाख में हुए हादसे में शहीद हो गए थे। इस हादसे के बाद परिवार को उनका पार्थिव शरीर तक नहीं मिल पाया। अजमेर अली को मरणोपरांत कीर्ति चक्र से सम्मानित किया गया था। अबरीशा खातून ने कहा कि मुख्यमंत्री के हाथों मिला सम्मान उनके पति की शहादत को मिली पहचान है।
कंकरखेड़ा निवासी विमलेश देवी के पति कारगिल युद्ध में शहीद हुए थे। उन्हें सेना मेडल से सम्मानित किया गया था। मुख्यमंत्री से सम्मान प्राप्त करने के बाद विमलेश देवी ने स्वयं को गौरवान्वित महसूस किया। उन्होंने महिला सुरक्षा के क्षेत्र में किए गए कार्यों की भी सराहना की।
बिजनौर निवासी माला के पति सिक्किम में हुए हादसे में शहीद हो गए थे। परिवार को करीब पांच महीने तक उनके पार्थिव शरीर का इंतजार करना पड़ा। बाद में डीएनए जांच के माध्यम से उनकी पहचान हो सकी। पति की शहादत के बाद माला को अनुकंपा के आधार पर नौकरी मिली।
वर्ष 2016 में अपने पति को खोने वाली गीता के लिए भी मुख्यमंत्री से मिलना और उनके हाथों सम्मान प्राप्त करना बेहद भावुक क्षण रहा। उन्होंने कहा कि आज उन्हें महसूस हुआ कि वह अकेली नहीं हैं, बल्कि पूरा देश उनके परिवार के साथ खड़ा है।
वहीं, अक्टूबर 2022 में शहीद हुए सैनिक की पत्नी सुमन ने भी मुख्यमंत्री के हाथों सम्मान पाकर गर्व जताया। उन्होंने बताया कि बच्चों के पालन-पोषण और परिवार की जिम्मेदारियां निभाने के लिए निगम की ओर से उन्हें नौकरी दी गई है।
इन वीर नारियों के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा दिया गया सम्मान उनके शहीद पतियों के बलिदान के साथ ही उनके अपने संघर्ष, धैर्य और परिवार के प्रति समर्पण की भी पहचान बना। पांच दशक पुरानी शहादत से लेकर वर्ष 2022 तक के बलिदानों से जुड़ी इन महिलाओं का सम्मान इस बात का प्रतीक रहा कि देश अपने वीर जवानों के साथ उनके परिवारों के त्याग और संघर्ष को भी याद रखता है।

Om Prakash Pal
नाम: ओम प्रकाश पाल
वर्तमान पद: स्वतंत्र पत्रकार, लेखक एवं स्तंभकार
कार्यक्षेत्र: नेशनल ब्यूरो (राष्ट्रीय स्तर)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, संसद, केंद्रीय मंत्रालय, कृषि, साहित्य, खेल एवं प्रशासन (बिजनेस को छोड़कर सभी विषयों पर कार्य)
पत्रकारिता अनुभव: लगभग 39 वर्ष
परिचय एवं अनुभव
ओम प्रकाश पाल पिछले 39 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर नेशनल ब्यूरो में विशेष संवाददाता के रूप में लगभग 20 वर्षों तक संसद के दोनों सदनों (लोकसभा और राज्यसभा) की रिपोर्टिंग की है।
एक मान्यता प्राप्त पत्रकार के रूप में उन्होंने केंद्रीय गृह, रक्षा, रेलवे, सड़क परिवहन, श्रम एवं रोजगार, जलशक्ति और कृषि जैसे प्रमुख केंद्रीय मंत्रालयों को कवर किया है।
विभिन्न समाचार पत्रों में योगदान:
- अमर उजाला एवं दैनिक जागरण: पत्रकारिता के शुरुआती वर्षों का अनुभव।
- शाह टाइम्स: न्यूज़ एडिटर (News Editor) के पद पर सेवाएं।
- हरिभूमि (दिल्ली): वरिष्ठ संवाददाता के रूप में कार्य।
राजनीति विज्ञान और कृषि विषयों के जानकार होने के साथ-साथ उन्होंने साहित्य और खेल के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण कार्य किया है। वर्तमान में वह एक स्वतंत्र पत्रकार, लेखक और स्तंभकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता
- स्नातक (Graduate)
- B.Ed (बैचलर ऑफ एजुकेशन)
- पत्रकारिता में डिप्लोमा (Diploma in Journalism)
- साहित्य रत्न
- कृषि विशारद
