एटा में ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ को जनभागीदारी के साथ सफल बनाने की तैयारियों ने गति पकड़ ली है। शासन के निर्देशों के क्रम में 09 से 15 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा के लिए जिलाधिकारी अरविन्द सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान के तहत निर्धारित लक्ष्य और अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों की समीक्षा करते हुए समयबद्ध तरीके से शत-प्रतिशत कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं जनभागीदारी से जुड़ा महत्वपूर्ण अभियान है। शासन की मंशा के अनुरूप जनपद एटा में अभियान के अंतर्गत चार लाख तिरंगा झंडे लगाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने विभाग को आवंटित लक्ष्य एवं दायित्वों का पूरी ईमानदारी, सक्रियता एवं समयबद्धता के साथ निर्वहन करते हुए अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान के दौरान सरकारी एवं निजी भवनों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, कार्यालयों तथा प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा फहराने के साथ आमजन को भी अपने घरों पर तिरंगा लगाने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों, व्यापारिक संगठनों एवं आमजन की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में शासन द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया गया कि अभियान के तहत 06 से 08 अगस्त तक प्रथम चरण, 09 से 12 अगस्त तक द्वितीय चरण तथा 13 से 15 अगस्त तक तृतीय चरण में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इस दौरान तिरंगा यात्रा, प्रभात फेरी, सांस्कृतिक एवं देशभक्ति कार्यक्रम, तिरंगा वितरण और जागरूकता गतिविधियों सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के अवसर पर भी निर्धारित कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान के दौरान तिरंगे की गरिमा एवं सम्मान का विशेष ध्यान रखा जाए। सभी कार्यक्रमों की प्रभावी मॉनीटरिंग करते हुए निर्धारित लक्ष्य की पूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही कार्यक्रमों में अधिक से अधिक जनसहभागिता के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्र, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संगम लाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 राजेंद्र प्रसाद, डी सी एनआरएलएम विकल कुमार, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी अनुपम श्रीवास्तव, बीएसए अनुपम अवस्थी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी प्रदीप कुमार सहित समस्त संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। जिला सूचना कार्यालय एटा के अनुसार, अभियान के तहत निर्धारित गतिविधियों और लक्ष्य की पूर्ति के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story