उत्तरप्रदेश: पति की मौत के बाद मां-बेटे ने खाया जहर, काशी दर्शन को आया था महाराष्ट्र का परिवार
वाराणसी के लक्सा क्षेत्र में महाराष्ट्र से काशी दर्शन के लिए आए परिवार में पति की मौत के बाद मां-बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। कमरे से जहरीले पदार्थ के पैकेट मिले, पुलिस जांच में जुटी।

तस्वीर में बाएं से ईशान मुखर्जी, बीच में जया मुखर्जी और दाएं ओर विशाल मुखर्जी नजर आ रहे हैं।
वाराणसी में काशी दर्शन के लिए महाराष्ट्र से आए एक परिवार के साथ दर्दनाक घटना सामने आई है। लक्सा थाना क्षेत्र स्थित एक होम स्टे में ठहरी मां और उसके बेटे ने कथित तौर पर जहर खाकर जान दे दी। पुलिस के अनुसार, परिवार के मुखिया की बीमारी के कारण एक दिन पहले मौत हो गई थी। पति की मौत से आहत महिला और उसके बेटे ने यह कदम उठाया। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
मृतकों की पहचान महाराष्ट्र के रायगढ़ निवासी जया मुखर्जी (51) और उनके पुत्र ईशान मुखर्जी (27) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, परिवार के मुखिया विशाल मुखर्जी (55) अपनी पत्नी और बेटे के साथ 7 अगस्त को काशी दर्शन के लिए वाराणसी आए थे। तीनों लक्सा क्षेत्र स्थित वाची होम स्टे में ठहरे हुए थे।
अचानक बिगड़ी थी विशाल मुखर्जी की तबीयत
पुलिस के मुताबिक, रविवार रात अचानक विशाल मुखर्जी की तबीयत बिगड़ गई। होम स्टे कर्मचारियों और पुलिस की मदद से उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
सोमवार को जया मुखर्जी और ईशान मुखर्जी ने हरिशंचंद्र घाट पर विशाल मुखर्जी का अंतिम संस्कार किया। इसके बाद दोनों वापस होम स्टे लौट आए।
मंगलवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद होम स्टे कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो मां-बेटे बेड पर अचेत अवस्था में पड़े मिले। दोनों के मुंह से झाग निकल रहा था और कमरे में उल्टी के निशान भी मिले। पुलिस ने दोनों को तत्काल मंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कमरे से मिले संदिग्ध जहरीले पदार्थ के पैकेट
घटना की सूचना के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने कमरे की जांच की। मौके से संदिग्ध जहरीले पदार्थ के पैकेट बरामद किए गए हैं। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल से साक्ष्य संकलित किए। पुलिस ने दोनों के मोबाइल फोन भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आर्थिक तंगी की बात भी सामने आई है। पुलिस को मोबाइल फोन पर आए कुछ कॉल से जानकारी मिली कि विशाल मुखर्जी पर ऋण था और परिवार आर्थिक समस्याओं से जूझ रहा था। इसके साथ ही जया मुखर्जी की तबीयत भी लंबे समय से खराब बताई जा रही है।
पति की मौत के बाद मां और बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से परिवार की काशी यात्रा त्रासदी में बदल गई। पुलिस ने संदिग्ध पदार्थ और मोबाइल फोन समेत उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
