यूपी के फल-सब्जियों की विदेशों में बढ़ी मांग, नेपाल सबसे बड़ा खरीदार; जापान-जर्मनी तक पहुंचा निर्यात
उत्तर प्रदेश के फल-सब्जियों का निर्यात 489.01 करोड़ रुपये तक पहुंचा। नेपाल सबसे बड़ा खरीदार बना, जबकि आलू के प्रसंस्कृत उत्पादों और निर्जलित सब्जियों की मांग जापान, इजरायल, अमेरिका और जर्मनी तक दर्ज की गई।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के कृषि और बागवानी उत्पादों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में मांग बढ़ रही है। प्रदेश से आलू, अंगूर, अनार, संतरा, तरबूज, हरी मटर, आम और अमरूद सहित विभिन्न फल-सब्जियों का निर्यात कई देशों में किया जा रहा है। नेपाल उत्तर प्रदेश के कृषि उत्पादों का सबसे बड़ा खरीदार बनकर उभरा है, जबकि प्रसंस्कृत उत्पादों की पहुंच जापान, मलेशिया, इजरायल, इंडोनेशिया, अमेरिका और जर्मनी जैसे देशों तक हो गई है। ताजे फल-सब्जियों के साथ प्रसंस्कृत और संरक्षित उत्पादों के निर्यात में भी प्रदेश की हिस्सेदारी बढ़ी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कृषि और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को वैश्विक बाजार से जोड़ने के लिए उत्पादन, प्रसंस्करण, गुणवत्ता, भंडारण और निर्यात सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है। अपर मुख्य सचिव (हार्टिकल्चर एवं फूड प्रोसेसिंग) बाबू लाल मीणा के अनुसार, किसानों की आय दोगुनी करने और कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने के इन प्रयासों के परिणाम सामने आए हैं। बागवानी उत्पादों के निर्यात मूल्य के आधार पर जारी शीर्ष-20 उत्पादों की सूची में पहले 15 उत्पादों का कुल निर्यात मूल्य 489.01 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है।
निर्यात में आलू और उससे बने उत्पादों की सबसे बड़ी हिस्सेदारी है। ताजा और शीतित आलू का निर्यात 146.03 करोड़ रुपये रहा, जबकि आलू के फ्लेक्स, ग्रेन्यूल्स और पेलेट्स का निर्यात 103.24 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। इस तरह इन दोनों श्रेणियों का कुल निर्यात मूल्य 249.27 करोड़ रुपये पहुंच गया। ताजा और शीतित आलू के कुल निर्यात में नेपाल की हिस्सेदारी 145.12 करोड़ रुपये रही।
अंगूर के निर्यात में भी नेपाल प्रमुख खरीदार रहा। प्रदेश से 34.89 करोड़ रुपये के ताजे अंगूर का संपूर्ण निर्यात नेपाल को किया गया। इसके अलावा अनार का 24.75 करोड़ रुपये, संतरे का 21.19 करोड़ रुपये और नींबू व लाइम का 15.71 करोड़ रुपये का निर्यात हुआ। इन उत्पादों के लिए भी नेपाल सबसे बड़ा गंतव्य रहा।
प्रसंस्कृत उत्पादों की बात करें तो उत्तर प्रदेश के आलू उत्पादों ने एशियाई देशों के साथ विकसित देशों के बाजारों में भी जगह बनाई है। आलू के फ्लेक्स, ग्रेन्यूल्स और पेलेट्स का निर्यात जापान, मलेशिया, इजरायल और इंडोनेशिया को किया गया। इस श्रेणी में जापान को 44.06 करोड़ रुपये, मलेशिया को 17.43 करोड़ रुपये, इजरायल को 11.89 करोड़ रुपये और इंडोनेशिया को 11.44 करोड़ रुपये के उत्पाद भेजे गए।
सूखे आलू का कुल निर्यात 26.89 करोड़ रुपये रहा। इसमें नेपाल की प्रमुख हिस्सेदारी रही, जबकि अमेरिका और जर्मनी को भी इसकी आपूर्ति की गई। वहीं, सूखी व निर्जलित सब्जियों का कुल निर्यात 23.51 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। इसमें जर्मनी को 19.70 करोड़ रुपये, अमेरिका को 3.05 करोड़ रुपये और नेपाल को 0.76 करोड़ रुपये के उत्पाद निर्यात किए गए।
हरी और फ्रोजन मटर की भी विदेशों में मांग बनी हुई है। प्रदेश से 12.16 करोड़ रुपये की फ्रोजन मटर और 11.99 करोड़ रुपये की ताजी हरी मटर का निर्यात किया गया। फ्रोजन मटर के प्रमुख बाजारों में सऊदी अरब, नेपाल, कनाडा और यूएई शामिल रहे, जबकि ताजी हरी मटर अमेरिका और जर्मनी तक पहुंची।
इसके अलावा तैयार और संरक्षित आलू (नॉन-फ्रोजन) का निर्यात 14.51 करोड़ रुपये रहा। अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, यूएई और ब्रिटेन इसके मुख्य खरीदार रहे। फलों के निर्यात में ताजे तरबूज का मूल्य 20.37 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। इसमें नेपाल को 20.35 करोड़ रुपये के तरबूज भेजे गए, जबकि इटली को भी इसकी आपूर्ति की गई।
ताजे आम की विभिन्न किस्मों का निर्यात 10.53 करोड़ रुपये रहा। इनकी आपूर्ति नेपाल, ब्रिटेन, यूएई और कतर को की गई। वहीं, ताजे व सूखे अमरूद का निर्यात 5.18 करोड़ रुपये दर्ज किया गया, जिसमें नेपाल सबसे बड़ा खरीदार रहा।
निर्यात के ये आंकड़े उत्तर प्रदेश के कृषि उत्पादों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ती पहुंच को दर्शाते हैं। नेपाल में आलू और अंगूर की आपूर्ति से लेकर जापान में प्रसंस्कृत आलू उत्पादों और जर्मनी में सूखी व निर्जलित सब्जियों के निर्यात तक प्रदेश के उत्पादों ने अलग-अलग देशों में बाजार बनाया है। पहले 15 प्रमुख बागवानी उत्पादों का 489.01 करोड़ रुपये का निर्यात मूल्य प्रदेश के कृषि और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र की वैश्विक पहुंच में आए बदलाव को रेखांकित करता है।

Om Prakash Pal
नाम: ओम प्रकाश पाल
वर्तमान पद: स्वतंत्र पत्रकार, लेखक एवं स्तंभकार
कार्यक्षेत्र: नेशनल ब्यूरो (राष्ट्रीय स्तर)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, संसद, केंद्रीय मंत्रालय, कृषि, साहित्य, खेल एवं प्रशासन (बिजनेस को छोड़कर सभी विषयों पर कार्य)
पत्रकारिता अनुभव: लगभग 39 वर्ष
परिचय एवं अनुभव
ओम प्रकाश पाल पिछले 39 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर नेशनल ब्यूरो में विशेष संवाददाता के रूप में लगभग 20 वर्षों तक संसद के दोनों सदनों (लोकसभा और राज्यसभा) की रिपोर्टिंग की है।
एक मान्यता प्राप्त पत्रकार के रूप में उन्होंने केंद्रीय गृह, रक्षा, रेलवे, सड़क परिवहन, श्रम एवं रोजगार, जलशक्ति और कृषि जैसे प्रमुख केंद्रीय मंत्रालयों को कवर किया है।
विभिन्न समाचार पत्रों में योगदान:
- अमर उजाला एवं दैनिक जागरण: पत्रकारिता के शुरुआती वर्षों का अनुभव।
- शाह टाइम्स: न्यूज़ एडिटर (News Editor) के पद पर सेवाएं।
- हरिभूमि (दिल्ली): वरिष्ठ संवाददाता के रूप में कार्य।
राजनीति विज्ञान और कृषि विषयों के जानकार होने के साथ-साथ उन्होंने साहित्य और खेल के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण कार्य किया है। वर्तमान में वह एक स्वतंत्र पत्रकार, लेखक और स्तंभकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता
- स्नातक (Graduate)
- B.Ed (बैचलर ऑफ एजुकेशन)
- पत्रकारिता में डिप्लोमा (Diploma in Journalism)
- साहित्य रत्न
- कृषि विशारद
