भीलवाड़ा में 16108 तुलसी-शालिग्राम विवाह महोत्सव का आगाज, 21 युगलों ने किया भूमि पूजन
भीलवाड़ा के मेडिसिटी ग्राउंड में संतों की मौजूदगी और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 21 युगलों ने भूमि पूजन कर महाध्वज स्थापित किया।

भीलवाड़ा के आजादनगर मेडिसिटी ग्राउंड में आयोजित भूमि पूजन समारोह के दौरान वैदिक अनुष्ठान में भाग लेते यजमान, श्रद्धालु और आयोजन समिति के सदस्य।
भीलवाड़ा में 20 नवंबर को आयोजित होने वाले 16108 श्री तुलसी शालिग्रामजी विवाह महोत्सव की शुरुआत गुरुवार, 15 अक्टूबर को आजादनगर मेडिसिटी ग्राउंड में भूमि पूजन और महाध्वज स्थापना के साथ हुई। संतों के सानिध्य में 21 युगलों ने वैदिक परंपराओं के अनुसार भूमि पूजन किया। इसके बाद भगवान के जयकारों और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच महाध्वज स्थापित किया गया। इस अवसर पर नवनिर्वाचित महापौर जसवंत कवर, उपमहापौर राधेश्याम सोमानी, भूपेन्द्र सिंह राणावत और ऋतु शेखर शर्मा सहित आयोजन समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे।
श्री तुलसी शालिग्राम विवाह महोत्सव समिति, श्री वल्लभ संकीर्तन सेवा समिति (संघ), सकल सनातन परिवार भीलवाड़ा और समस्त श्री चारभुजा पदयात्री संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस महामहोत्सव के भूमि पूजन समारोह का आयोजन अभिजीत लग्न में दोपहर 12.11 बजे किया गया। महोत्सव के सूत्रधार श्रीविष्णु कृष्ण तनय महाराज और मुख्य आचार्य योगेन्द्र शर्मा ने वैदिक परंपराओं के अनुसार 21 युगलों से भूमि पूजन एवं अर्चन कराया। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमि की पूजा-अर्चना के बाद आयोजन स्थल पर महाध्वज की स्थापना की गई। इसके साथ ही महोत्सव की तैयारियों का विधिवत शुभारंभ हो गया।
समारोह में महामंडलेश्वर हंसरामजी महाराज, महामंडलेश्वर बाबूगिरी महाराज, महंत रामदास रामायणी, महंत संतदास, महंत श्रीलाल बाबा, कल्किराम योगी, पुजारी मुरारी पांडे, संत गोविंद दास और संत सीताराम दास सहित अनेक संतों ने सानिध्य प्रदान किया। संतों ने महोत्सव के ऐतिहासिक रूप से सफल होने की मंगलकामना की। श्रद्धा और भक्ति से परिपूर्ण वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम में धार्मिक परंपराओं के अनुसार सभी अनुष्ठान संपन्न हुए।
भूमि पूजन में शामिल युगलों में विनीत अग्रवाल, राधेश्याम चेचाणी, छगनलाल जैन, राजेन्द्र कचोलिया, एसएन गग्गड़, एसएन ईनाणी, कैलाश तोतला, मुकेश सेठिया, राजेन्द्र गंदोडिया, रमेश त्रिपाठी, गोविन्द भाटिया, रामपाल असावा, दिनेश विजयवर्गीय, मनोज शर्मा गोटेवाला, गणेशलाल गुप्ता, हेमराज टेलर, अशोक राठी, राजेन्द्र जांगिड़, राधेश्याम पोरवाल, पुरुषोत्तम काकानी, राहुल डाड, अशोक चाण्डक और कमलेश सोडानी दंपति शामिल थे।
महोत्सव के सूत्रधार विष्णु कृष्ण महाराज ने इस अवसर पर घोषणा की कि श्रीगढ़बोर भुजानाथ के साथ विवाह बंधन में बंधने वाली श्री तुलसीजी के धर्म माता-पिता बनने का सौभाग्य आयोजन समिति के अध्यक्ष राधेश्याम चेचाणी और शकुन्तला चैचाणी को प्राप्त हुआ है। वहीं, मामा-मामी बनने का सौभाग्य समिति के संयोजक एसएन गगड और चंद्रकांता गग्गड़ को मिला है।
महोत्सव के संयोजक एस.एन. गग्गड़ ने बताया कि भूमि पूजन एवं महाध्वज स्थापना समारोह में आयोजन समिति के विनीत अग्रवाल, महिला संरक्षक मंजू पोखरना और मनोज शर्मा गोटेवाला भी मौजूद रहे। समिति के अध्यक्ष राधेश्याम चेचाणी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेन्द्र कचोलिया, छगनलाल जैन, सचिव हनुमान अग्रवाल, कोषाध्यक्ष सत्यनारायण मूंदड़ा, कार्यालय प्रभारी रजनीकांत आचार्य, सह सचिव परमेश्वर पाराशर, कुलदीप शर्मा, सोशल मीडिया प्रभारी हंसराज अठारिया, दिनेश विजयवर्गीय, नंदकिशोर, दुर्गालाल जोशी, संजय प्रताप सिंह पारीक, ओमप्रकाश मिश्रा और अनिल पारीक सहित अन्य पदाधिकारियों ने संतों एवं अतिथियों का स्वागत किया।
संयोजक गग्गड़ ने बताया कि श्री तुलसीजी से विवाह करने के लिए राजाधिराज मेवाड़ धणी श्री गढ़बोर चारभुजानाथ की पहली भव्य ऐतिहासिक बारात भीलवाड़ा पहुंचेगी। इस महामहोत्सव के कार्यक्रम 17 नवंबर से शुरू होंगे। इसके तहत 17 से 19 नवंबर तक प्रतिदिन दोपहर 12.30 बजे से शाम 4 बजे तक रुक्मिणी मंगल कथा का आयोजन किया जाएगा। भूमि पूजन और महाध्वज स्थापना के साथ ही मेडिसिटी ग्राउंड में महोत्सव से संबंधित तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
आयोजन समिति के अनुसार, सनातन संस्कृति के विराट स्वरूप को प्रदर्शित करने वाले इस महोत्सव में श्री तुलसीजी के धर्म माता-पिता के रूप में सहभागी बनने के लिए पंजीयन कराने की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर निर्धारित की गई है। महोत्सव के सूत्रधार श्रीविष्णु कृष्ण तनय महाराज और आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से निर्धारित समय सीमा के भीतर पंजीयन कराने का आग्रह किया है, ताकि भीलवाड़ा में पहली बार आयोजित हो रहे इस ऐतिहासिक अवसर में भाग लेने से कोई वंचित न रहे। आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता समर्पित भाव से सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
