बरेली में SIR के खिलाफ सपा का हल्लाबोल, मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका
बरेली में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला और भाजपा का झंडा जलाया गया।

बरेली के चौकी चौराहे पर स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के विरोध में मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंकते हुए समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता।
बरेली में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के विरोध में समाजवादी पार्टी के फ्रंटल संगठनों ने मंगलवार को चौकी चौराहे पर प्रदर्शन किया। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका और भाजपा का झंडा जलाकर विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान मटकी फोड़कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हल्की नोकझोंक हुई। पुलिस ने जलता हुआ पुतला छीनने की कोशिश की, लेकिन कार्यकर्ताओं ने पुतला फूंक दिया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने चौकी चौराहे पर घूम-घूमकर प्रदर्शन किया। उन्होंने महंगाई और शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी सरकार को घेरा।
प्रदर्शन में समाजवादी पार्टी के विभिन्न फ्रंटल संगठनों के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने SIR को मतदाताओं की परेशानी बढ़ाने वाला कदम बताते हुए चुनाव आयोग और सरकार के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।
मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष ऐजाज अहमद ने बताया कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर 2 से 8 अक्टूबर तक लगातार अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंककर और भाजपा का झंडा जलाकर विरोध प्रदर्शन किया गया। उन्होंने कहा कि SIR के खिलाफ पार्टी का विरोध लगातार जारी रहेगा।
समाजवादी पार्टी महिला सभा की जिलाध्यक्ष स्मृता यादव ने भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। स्मृता यादव ने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार, महंगाई और जनहित के मुद्दों पर गंभीर नहीं है। बढ़ती महंगाई से आम आदमी परेशान है और बच्चों की शिक्षा व्यवस्था पर भी ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने जा रही है।
प्रदर्शन के दौरान मौके पर पुलिस बल मौजूद रहा। इस दौरान पार्टी के गौरव सक्सेना, विक्रांत यादव, महिला सभा जिलाध्यक्ष स्मृता यादव, मिथलेश आर्या, हुरिया रहमान, शशि चंद्र, ममता सागर, शाहीन, समाजवादी अधिवक्ता सभा के जिलाध्यक्ष श्यामवीर सिंह यादव, राजेंद्र यादव, सुभाष चंद्र गुर्जर, यशवीर सिंह, अफजाल अंसारी, ऐजाज अहमद और स्वदेश यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। SIR के विरोध में हुए इस प्रदर्शन में पुतला फूंकने, भाजपा का झंडा जलाने और नारेबाजी के जरिए समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अपना विरोध दर्ज कराया।

Aditya Sharma
नाम: आदित्य शर्मा
वर्तमान पद: कैमरा पर्सन सह रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: बरेली शहर (उत्तर प्रदेश)
अनुभव: लगभग 10 वर्ष (दैनिक जनमोर्चा और न्यूज टुडे नेटवर्क)
बीट (मुख्य विषय): शिक्षा, खेल और राजनीति (साथ ही चिकित्सा, अपराध एवं स्थानीय घटनाएं)
परिचय
आदित्य शर्मा बरेली शहर के एक वरिष्ठ और बहुमुखी मीडियाकर्मी हैं, जो कैमरे के पीछे और ग्राउंड रिपोर्टिंग दोनों भूमिकाओं को कुशलता से संभालते हैं। वह बरेली महानगर और जिले में होने वाली दैनिक गतिविधियों—चाहे वह राजनीति हो, चिकित्सा हो या आपराधिक मामले—को प्रमुखता से कवर करते हैं। आदित्य शर्मा का विशेष ध्यान शिक्षा और खेल से जुड़ी खबरों पर रहता है, क्योंकि ये क्षेत्र सीधे युवाओं से जुड़े हुए हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
आदित्य शर्मा को मीडिया के क्षेत्र में लगभग 10 वर्षों का अनुभव प्राप्त है। इस दौरान उन्होंने निम्नलिखित प्रमुख संस्थानों के साथ कार्य किया है:
- दैनिक जनमोर्चा
- न्यूज टुडे नेटवर्क
शैक्षणिक योग्यता
परास्नातक (Post Graduation): हिंदी साहित्य एवं अर्थशास्त्र
