सीतापुर के सैदापुर में जर्जर सड़क पर ग्रामीणों का प्रदर्शन, डीएम को सौंपा ज्ञापन, मनरेगा कार्यों पर भी उठाए गंभीर सवाल
सीतापुर के सैदापुर में जर्जर सड़क से परेशान ग्रामीण डीएम कार्यालय पहुंचे। सड़क निर्माण, मनरेगा कार्यों की जांच और कार्रवाई की मांग ने मामला सुर्खियों में ला दिया।

सीतापुर के ऐलिया ब्लॉक स्थित ग्राम सैदापुर (मलिकापुर-सैदापुर) में जर्जर सड़क और आवागमन की समस्या को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आया। पहले ग्रामीण अपनी मांग लेकर सांसद राकेश राठौर के आवास पहुंचे और इसके बाद करीब 30 से 40 ग्रामीण जिला अधिकारी कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने डीएम को ज्ञापन सौंपकर गांव की लिंक रोड का निर्माण कराने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाली लिंक रोड पूरी तरह कच्ची है। बारिश के कारण सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों के अनुसार यदि गांव में कोई व्यक्ति बीमार हो जाता है तो एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच पाती और मरीज को करीब 200 मीटर तक चारपाई पर लादकर मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ता है।
ग्रामीणों ने बताया कि खराब सड़क का असर बच्चों की पढ़ाई पर भी पड़ रहा है। बरसात के दिनों में कीचड़ और जलभराव के कारण छात्र-छात्राएं नियमित रूप से स्कूल नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिससे उनकी शिक्षा प्रभावित हो रही है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द लिंक रोड की मरम्मत कराकर आवागमन सुगम बनाने की मांग की।
इस दौरान ग्रामीणों ने पंचायत मित्र जितेंद्र मौर्य पर भी गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि मनरेगा के तहत होने वाले कार्यों में नियमों के विपरीत जेसीबी मशीन का इस्तेमाल किया जा रहा है। विरोध करने पर पंचायत मित्र द्वारा अभद्र भाषा का प्रयोग और गाली-गलौज किए जाने का भी आरोप लगाया गया।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से सड़क निर्माण कराने, मनरेगा कार्यों की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं प्रशासन ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले की जांच कराने और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया। ग्रामीणों की मांगों और प्रशासन के आश्वासन के बाद अब मामले की जांच और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
