सीतापुर जिले की आदर्श नगर पंचायत तंबौर के अहमदाबाद पूर्वी वार्ड में प्रशासनिक लापरवाही के विरोध में स्थानीय लोगों ने अनोखा प्रदर्शन किया। जर्जर सड़क और जलभराव से परेशान लोगों ने बीच सड़क पर धान की रोपाई कर नगर पंचायत के खिलाफ विरोध दर्ज कराया और अपनी नाराजगी खुलकर जताई।

बारिश के बाद सड़क पूरी तरह तालाब में तब्दील हो गई है, जिससे स्थानीय निवासियों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो गया है। लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण और जलनिकासी की व्यवस्था कराने के लिए कई बार अधिकारियों और नगर पंचायत को ज्ञापन सौंपे गए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

प्रशासन की उदासीनता से नाराज युवाओं और बुजुर्गों ने कीचड़ से भरी सड़क पर धान की पौध लगाकर विरोध प्रदर्शन किया और नगर पंचायत के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब सड़क की हालत खेत जैसी हो गई है, तो उसमें धान की खेती ही कर ली जाए।

प्रदर्शन में आकिब अंसारी, अतहर अंसारी, रिजवान, सोनू, इरफान और इमरान सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल रहे। प्रदर्शनकारियों ने सड़क का तत्काल निर्माण कराने और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।

स्थानीय निवासियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो उनका आंदोलन और तेज किया जाएगा। साथ ही उन्होंने नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story