सिकंदरा थाना क्षेत्र के नसीरपुर गांव के पास शनिवार सुबह करीब नौ बजे नहर में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव उतराता मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव दिखाई देने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच-पड़ताल की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार सिंगरौली गांव निवासी सावंत सिंह यादव शुक्रवार दोपहर ईंट खरीदने के लिए सिकंदरा कस्बे में स्थित ईंट भट्ठे पर गए थे। ईंट खरीदने के बाद उन्होंने ट्रैक्टर से ईंटें अपने घर भिजवा दीं और खुद बाजार करने के लिए रुक गए। इसके बाद वह घर नहीं पहुंचे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।

शनिवार सुबह करीब नौ बजे ग्रामीणों और राहगीरों ने नसीरपुर गांव के पास अशोक कटियार के खेत के समीप नहर में एक युवक का शव उतराता देखा। ग्रामीणों ने डायल 112 पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने थाना पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद सिकंदरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच-पड़ताल की। नहर के किनारे मृतक की बाइक भी खड़ी मिली।

पुलिस ने आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद मृतक की पत्नी गीता देवी और पुत्र अवनीश कुमार का रो-रोकर बुरा हाल है।

सिकंदरा थाना प्रभारी निरीक्षक सुधाकर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। नहर में युवक का शव मिलने और घटनास्थल पर बाइक खड़ी मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story