सहारनपुर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से महानगर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम से शुरू हुई यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि तिरंगा लेकर शामिल हुए। भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने 151 फीट लंबा तिरंगा लेकर यात्रा में हिस्सा लिया, जो आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। पूरे मार्ग पर देशभक्ति का माहौल नजर आया।

भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत राणा ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में पूरे देश में पार्टी की ओर से तिरंगा यात्रा अभियान चलाया जा रहा है। 10 से 12 अगस्त तक मंडल स्तर पर तिरंगा यात्राएं निकाली गईं, जबकि 13 अगस्त को महानगर और जिले की संयुक्त तिरंगा यात्रा आयोजित की गई है।

अजीत राणा ने कहा कि यह यात्रा देश के लिए अपना जीवन न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को नमन करने और नई पीढ़ी को उनके बलिदान से परिचित कराने के उद्देश्य से निकाली जा रही है। यात्रा के दौरान शहीदों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।

डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम से शुरू हुई तिरंगा यात्रा घंटाघर पहुंची। यहां वीर शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद यात्रा दीवानी कचहरी और कलेक्ट्रेट होते हुए गांधी पार्क स्थित लीला भवन पहुंची, जहां यात्रा का समापन किया गया।

अजीत राणा ने बताया कि 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय पर संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद मौन जुलूस भी निकाला जाएगा। वहीं, 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। भाजपा कार्यकर्ताओं से अपील की गई है कि प्रत्येक घर पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराया जाए।

उन्होंने कहा कि 15 अगस्त की शाम सभी कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि अपने घरों पर लगे तिरंगे को झंडा संहिता के अनुसार सम्मानपूर्वक उतारेंगे। अजीत राणा ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और वीर शहीदों के बलिदान का प्रतीक है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story