उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में पुलिस द्वारा संचालित 'ऑपरेशन सवेरा' के तहत गंगोह थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक शातिर नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 320 ग्राम अवैध स्मैक, एक .315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद स्मैक की कीमत करीब 60 लाख 40 हजार रुपये आंकी गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी गंगोह और प्रभारी निरीक्षक गंगोह के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त और चेकिंग कर रही थी, तभी खानपुर ताताहेड़ी चौराहे के पास पुलिस ने मुखरीम पुत्र इस्लाम निवासी ग्राम धलापड़ा, थाना गंगोह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार इस दौरान उसका एक साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह और उसका साथी स्वयं भी स्मैक का नशा करते हैं तथा मिलकर इसकी तस्करी भी करते हैं। दोनों मोटरसाइकिल के माध्यम से ग्राहकों तक स्मैक पहुंचाकर उसे बेचते थे। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि बरामद तमंचा वह अपनी सुरक्षा और लोगों को डराने-धमकाने के लिए अपने साथ रखता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब उसके फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगालकर पूरे तस्करी नेटवर्क का पता लगाने की कार्रवाई में जुटी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार मुखरीम के खिलाफ लूट, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट सहित 17 आपराधिक मामले पहले से ही दर्ज हैं। फरार साथी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं और पूरे गिरोह के नेटवर्क को तोड़ने के लिए जांच को आगे बढ़ा रही हैं।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story