सहारनपुर में पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की करेंसी चेस्ट में करीब 17 करोड़ रुपये के नकली नोट मिलने के मामले में मंगलवार को रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) की टीम जांच के लिए पहुंची। RBI के छह अधिकारी मेरठ नंबर की दो गाड़ियों से सुबह करीब 8 बजे बैंक पहुंचे। टीम चार घंटे से अधिक समय से बैंक के अंदर जांच कर रही है और बैंक से जुड़े अधिकारियों से पूछताछ की जा रही है।

बैंक परिसर में लोगों की सामान्य आवाजाही जारी है, लेकिन करेंसी चेस्ट को पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है। किसी भी कर्मचारी या अन्य व्यक्ति को करेंसी चेस्ट के अंदर आने-जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।

RBI की टीम करेंसी चेस्ट में मौजूद नकदी, रिकॉर्ड और उससे जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। मामले के सामने आने के बाद बैंक स्तर पर भी कार्रवाई की गई है। सोमवार को बैंक ने तीन अधिकारियों को निलंबित कर दिया था। वहीं, सदर बाजार थाने में चार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई है।

यह मुकदमा PNB मेरठ के मुख्य प्रबंधक एवं जांच अधिकारी अरुण कुमार चौबे की शिकायत पर दर्ज किया गया है। FIR में वरिष्ठ मंडल प्रबंधक रवि कुमार कांसे, करेंसी चेस्ट मैनेजर सुशील कुमार, यमुनानगर-जगाधरी में तैनात करेंसी चेस्ट मैनेजर अमित कुमार और पार्ट टाइम हाउसकीपर विशाल कुमार के नाम शामिल हैं।

मामले की शुरुआत उस समय हुई, जब सहारनपुर की करेंसी चेस्ट से जयपुर भेजी गई रकम में कमी पाई गई। बैंक की घंटाघर स्थित शाखा में पार्ट टाइम हाउसकीपर विशाल कुमार को करीब 11.50 करोड़ रुपये की नोटों की गड्डियां व्यवस्थित करने का काम दिया गया था। इनमें गले, कटे और अन्य प्रकार के नोट शामिल थे। यह रकम RBI की जयपुर करेंसी चेस्ट भेजी जानी थी।

तय प्रक्रिया के तहत रकम 5 अगस्त को जयपुर भेजी गई। वहां गिनती के दौरान 4 लाख 30 हजार 900 रुपये की कमी मिली। इसकी सूचना मेरठ स्थित PNB अधिकारियों को दी गई। इसके बाद मुख्य प्रबंधक अरुण कुमार चौबे को जांच के लिए सहारनपुर भेजा गया।

जांच के दौरान CCTV फुटेज खंगाले गए। फुटेज में हाउसकीपर विशाल कुमार नोटों की गड्डियों से रुपये निकालता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद उसे काम से हटा दिया गया और चोरी के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया गया।

हाउसकीपर से जुड़ी गड़बड़ी सामने आने के बाद बैंक ने 9 अगस्त से करेंसी चेस्ट का ऑडिट शुरू कराया। अब करीब 17 करोड़ रुपये के नकली नोट मिलने के मामले में RBI की टीम करेंसी चेस्ट की नकदी, रिकॉर्ड और दस्तावेजों की जांच कर रही है। साथ ही बैंक से जुड़े अधिकारियों से पूछताछ जारी है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story