सहारनपुर में प्रतिबंधित पॉलीथिन के उपयोग पर रोक लगाने के लिए नगर निगम ने शुक्रवार को कोर्ट रोड क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान करीब दो दर्जन दुकानों की जांच की गई, जिसमें 10 दुकानदार प्रतिबंधित पॉलीथिन का उपयोग करते मिले। नगर निगम ने उनके कब्जे से प्रतिबंधित पॉलीथिन जब्त करते हुए कुल 10 हजार रुपये का जुर्माना वसूला।

नगरायुक्त शिपू गिरि के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान का नेतृत्व जोनल अधिकारी डॉ. संदीप कुमार मिश्र और प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल एच.बी. गुरुंग ने किया। जांच शुरू होते ही क्षेत्र के दुकानदारों में हड़कंप मच गया और नगर निगम की टीम ने दुकानों का निरीक्षण कर प्रतिबंधित पॉलीथिन के उपयोग की जांच की।

जोनल अधिकारी डॉ. संदीप कुमार मिश्र ने कहा कि प्रतिबंधित पॉलीथिन पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने दुकानदारों को चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में यदि कोई प्रतिबंधित पॉलीथिन का उपयोग या बिक्री करते पाया गया तो जुर्माने के साथ दुकान सील करने जैसी कड़ी कार्रवाई भी की जाएगी।

प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल एच.बी. गुरुंग ने व्यापारियों से कपड़े और जूट के थैलों का इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने नगर को पॉलीथिन मुक्त बनाने में सहयोग करने का आह्वान भी किया। अभियान के दौरान सफाई निरीक्षक मनोज कुमार, आशीष धौलाखंडी, नीरज कर्णवाल सहित प्रवर्तन दल के कर्मचारी मौजूद रहे। नगर निगम ने स्पष्ट किया कि प्रतिबंधित पॉलीथिन के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story