अलीगंज में सड़क हादसे में रोडवेज बस चालक गंभीर रूप से घायल
स्विफ्ट डिजायर कार की टक्कर से घायल बस चालक राकेश का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार जारी, पुलिस जांच में जुटी।

अलीगंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचाराधीन घायल बस चालक राकेश से जानकारी जुटाती स्थानीय पुलिस।
अलीगंज क्षेत्र में सोमवार को किनौड़ी मंदिर के पास हुए एक सड़क हादसे में साहिबाबाद डिपो में कार्यरत एक रोडवेज चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल चालक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार घायल चालक की पहचान अमरोली रतनपुर निवासी राकेश पुत्र सुखपाल सिंह के रूप में हुई है, जो साहिबाबाद डिपो में कार्यरत हैं। परिजनों के अनुसार, राकेश दिल्ली से बस लेकर आए थे और ड्यूटी पूरी करने के बाद अलीगंज बस स्टैंड से अपनी बाइक से गांव अमरोली रतनपुर लौट रहे थे।
इसी दौरान किनौड़ी मंदिर के पास पीछे से आ रही एक अज्ञात स्विफ्ट डिजायर कार ने ओवरटेक करते हुए अचानक उनकी बाइक के सामने कट मार दिया। इससे राकेश अपनी बाइक पर नियंत्रण खो बैठे और बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई, जिसमें उन्हें गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों ने घायल चालक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज पहुंचाया। सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।
कोतवाली अलीगंज के थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि सड़क हादसे की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई थी, जिसके बाद पुलिसकर्मियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज भेजा गया। फिलहाल मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है और थाने में कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।
पुलिस ने अज्ञात स्विफ्ट डिजायर कार की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
