वीरांगना लक्ष्मीबाई के शौर्य और बलिदान को किया याद, गुरसराय में जन्म सप्ताह का समापन
झांसी के गुरसराय स्थित व्यास हनुमानजी मंदिर में वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई के जन्म सप्ताह का समापन हुआ। कार्यक्रम में वक्ताओं ने उनके शौर्य, साहस, ननिहाल और देश की आजादी के लिए दिए गए बलिदान को याद किया।

गुरसराय के मंदिर परिसर में हनुमान प्रतिमा के समक्ष खड़े कार्यक्रम के आयोजक और स्थानीय नागरिक दिख रहे हैं।
गुरसराय (झांसी)। वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई का त्याग, शौर्य और देश की आजादी के लिए दिया गया बलिदान आज भी लोगों के लिए प्रेरणास्रोत है। इसी भावना के साथ गुरसराय के पुराने बस स्टैंड स्थित व्यास हनुमानजी मंदिर में कार्तिक पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर महारानी लक्ष्मीबाई के जन्म सप्ताह के समापन अवसर पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पं. ब्रजकिशोर व्यास भुल्लन महाराज ने की।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता वरिष्ठ पत्रकार कुंवर राम कुमार सिंह ने कहा कि गुरसराय नगर की धरती का यह सौभाग्य है कि यह वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई का ननिहाल रहा है। यहां की मिट्टी का कण-कण महारानी के शौर्य, साहस और बलिदान की याद दिलाता है।
वरिष्ठ पत्रकार अरुण चतुर्वेदी ने कहा कि कार्तिक मास अत्यंत पावन महीना है और इसी पवित्र माह में महारानी लक्ष्मीबाई का जन्म हुआ था। देशवासी उनके त्याग और बलिदान को सदैव नमन करते रहेंगे। वहीं, संगीतकार सरजू शरण पाठक ने कहा कि महारानी लक्ष्मीबाई की शौर्य गाथाएं आने वाली पीढ़ियों को स्वतंत्रता संग्राम की याद दिलाती रहेंगी।
कार्यक्रम का संचालन सार्थक नायक ने किया। समापन पर कार्यक्रम संयोजक एवं युवा समाजसेवी पं. करुणेंद्र व्यास तनु महाराज ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया और कार्तिक पूर्णिमा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान राम और कृष्ण की इस पावन धरती पर भक्ति की गंगा निरंतर बहती है। देश की आजादी के लिए महारानी लक्ष्मीबाई ने जो त्याग और बलिदान दिया, उसे देशवासी हमेशा याद रखेंगे।
इस अवसर पर डॉ. सुकदेव व्यास, आशुतोष गोस्वामी, अंकित सेंगर, अखिलेश तिवारी, कौशल किशोर, हरिश्चंद्र नायक, आयुष त्रिपाठी, कुलदीप यादव, संजू परिहार, शौकीन खान और रतनदीप यादव सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

