रायबरेली के हरचंदपुर थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर खेड़ा मजरे सलेमपुर गांव में मंगलवार रात बेखौफ चोरों ने एक घर में सेंध लगाकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। वारदात के समय पूरा परिवार घर के बाहर बरामदे में सो रहा था, जिसका फायदा उठाकर चोर मकान के पिछले हिस्से से दीवार काटकर अंदर घुस गए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।

पीड़ित संकठा प्रसाद पुत्र हेमराज के अनुसार, मौसम के कारण पूरा परिवार घर के बाहर बरामदे में सो रहा था। देर रात अज्ञात चोरों ने मकान की पिछली दीवार में सेंध लगाकर कमरे में प्रवेश किया और वहां रखे कीमती सामान को समेटकर फरार हो गए।

सुबह करीब पांच बजे जब परिवार के लोग कमरे में पहुंचे तो दीवार में सेंध लगी मिली और सामान बिखरा पड़ा था। पीड़ित के मुताबिक, चोर लगभग 2 किलो चांदी, एक से डेढ़ तोला सोने के जेवरात और अलमारी में रखे 10 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए।

वारदात के बाद चोर घर से करीब 100 मीटर दूर गांव के बाहर सामान की तलाशी लेते मिले। वहां पीड़ित का खाली बक्सा, सूटकेस और एक टीवी बरामद हुआ। आशंका है कि चोर कीमती जेवरात और नकदी निकालने के बाद भारी सामान वहीं छोड़कर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही यूपी डायल-112 और हरचंदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवार व ग्रामीणों से पूछताछ की। पुलिस ने जल्द ही घटना के खुलासे का भरोसा दिया है।

उधर, वारदात के बाद ग्रामीणों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि हरचंदपुर थाना क्षेत्र में पहले भी कई बड़ी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अधिकांश मामलों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। ऐसे में इस वारदात के जल्द खुलासे को लेकर लोगों की नजर पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हुई है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story