रायबरेली के लालगंज कोतवाली क्षेत्र में गौवंश और मवेशियों की अवैध तस्करी से जुड़े कथित सिंडिकेट का बड़ा मामला सामने आया है। शनिवार को ऐहार के पास गंगा एक्सप्रेस-वे पर 31 भैंसों से लदा एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में दम घुटने और गंभीर चोट लगने से चार भैंसों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य भैंसें गंभीर रूप से घायल हो गईं। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, ट्रक (यूपी 21 बीएन 1893) हरियाणा के रोहतक से भैंसों को क्रूरतापूर्वक लादकर उन्नाव ले जा रहा था। बताया जा रहा है कि उन्नाव में बड़े पैमाने पर मीट फैक्ट्रियां (स्लॉटर हाउस) संचालित हैं, जहां इन जानवरों को अवैध कटान के लिए ले जाया जा रहा था। ऐहार के पास गंगा एक्सप्रेस-वे पर तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रक पलट गया। ट्रक पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे की सूचना मिलते ही लालगंज कोतवाली के सब इंस्पेक्टर जितेंद्र यादव भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से क्रेन बुलाकर ट्रक को सीधा कराया और उसमें ठूंस-ठूंसकर भरे गए घायल मवेशियों को बाहर निकाला। घायल पशुओं के उपचार के लिए पशु चिकित्सकों की टीम को भी सूचना दी गई है।

लालगंज थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि सड़क हादसे के बाद ट्रक चालक फरार हो गया है। ट्रक को कब्जे में लेकर तस्करों के नेटवर्क की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि मवेशियों के साथ क्रूरता और अवैध तस्करी के मामले में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त से सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।

इस हादसे के बाद पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच तेज कर दी है। फरार चालक और अवैध तस्करी से जुड़े नेटवर्क की तलाश जारी है, जबकि घायल पशुओं के उपचार और पूरे मामले में विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story