प्रयागराज जनपद के उतरांव थाना क्षेत्र स्थित ग्राम मोतीहा के एक निजी विद्यालय में अध्ययनरत 8 वर्षीय छात्रा के साथ कथित अभद्रता के मामले ने गंभीर रूप ले लिया है। घटना को लेकर सामाजिक संगठन "संहेलदेव आर्मी" ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए मामले की निष्पक्ष जांच तथा विद्यालय प्रबंधन के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि विद्यालय के एक शिक्षक पर छात्रा के साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगा है। संगठन के अनुसार इस मामले में थाना उतरांव में मुकदमा दर्ज किया जा चुका है तथा आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

संहेलदेव आर्मी ने आरोप लगाया है कि इस घटना ने विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था, प्रशासनिक कार्यप्रणाली और छात्रों की सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। संगठन ने विद्यालय के प्रबंधन, सुरक्षा मानकों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की विस्तृत जांच कराए जाने की मांग की है ताकि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की निष्पक्ष पड़ताल हो सके।

ज्ञापन में यह भी मांग की गई है कि जांच पूरी होने तक विद्यालय के संचालन पर आवश्यक प्रतिबंध लगाने की संभावना पर विचार किया जाए। साथ ही यदि जांच के दौरान विद्यालय प्रबंधन की लापरवाही या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो विद्यालय की मान्यता निरस्त करने सहित संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

संगठन ने पीड़ित छात्रा और उसके परिवार को सुरक्षा तथा न्याय दिलाने, दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने और जनपद के अन्य निजी विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्थाओं का विशेष निरीक्षण कराने की भी मांग उठाई है।

संहेलदेव आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष योगेश चांसी के हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन में प्रशासन से छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रभावी और ठोस कदम उठाने की अपील की गई है। यह मामला न केवल एक विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर प्रश्न खड़े करता है, बल्कि शैक्षणिक संस्थानों में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की आवश्यकता को भी रेखांकित करता है।

Pramod Yadav, Prayagraj

Pramod Yadav, Prayagraj

पद: रीजनल कॉरेस्पोंडेंट, प्रयागराज (उत्तर प्रदेश)

बीट कवरेज:

  • क्राइम
  • एक्सीडेंट
  • राजनीति
  • स्थानीय एवं जनसरोकार की खबरें

कार्य क्षेत्र: प्रयागराज (उत्तर प्रदेश)

अनुभव:

पत्रकारिता के क्षेत्र में 7 वर्षों का अनुभव। क्राइम रिपोर्टिंग, राजनीतिक घटनाक्रम, सड़क हादसों और क्षेत्रीय मुद्दों की गहरी समझ के साथ निष्पक्ष एवं तथ्यात्मक रिपोर्टिंग में विशेषज्ञता।

शैक्षणिक योग्यता: स्नातक

परिचय:

यह रिपोर्टर प्रयागराज और आसपास के क्षेत्रों से जुड़ी महत्वपूर्ण खबरों को तेजी और सटीकता के साथ पाठकों तक पहुंचाने का कार्य करते हैं। क्राइम और राजनीति जैसे संवेदनशील विषयों पर ग्राउंड रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव रखते हैं तथा आम जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

Next Story