प्रयागराज। सैदाबाद ब्लॉक अंतर्गत ढ़ोरहा गांव निवासी अमित कनौजिया के जीवन पर आए संकट के समय सहपाठी मित्र मंडल ने मानवीय संवेदनाओं की अनूठी मिसाल पेश की है। एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल अमित कनौजिया के इलाज का खर्च उठाना उनके आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया था। गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती अमित की स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने तत्काल प्लास्टिक सर्जरी की आवश्यकता जताई थी।

हादसे की भयावहता के चलते चोटें काफी गंभीर थीं और समय पर सर्जरी होना अनिवार्य था। परिवार ने कठिन परिस्थितियों में भी हिम्मत नहीं हारी और रिश्तेदारों व परिचितों के सहयोग से इलाज शुरू कराया। इस विकट घड़ी में सामाजिक सरोकार का परिचय देते हुए सहपाठी मित्र मंडल आगे आया और परिवार को आवश्यक आर्थिक सहयोग प्रदान किया।

मंडल द्वारा उपलब्ध कराए गए इस सहयोग से अमित की प्लास्टिक सर्जरी सफलतापूर्वक संपन्न हुई, जिससे उनके उपचार को नई दिशा मिली। इस घटना ने क्षेत्र में सामाजिक एकजुटता की एक नई लकीर खींची है और हर कोई संस्था के इस कदम की मुक्त कंठ से सराहना कर रहा है। सहपाठी मित्र मंडल के सचिव अरुण कुमार विश्वास ने सोमवार सुबह 11 बजे जानकारी देते हुए स्पष्ट किया कि संस्था का ध्येय सदैव जरूरतमंदों के लिए ढाल बनकर खड़ा होना है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि संकट की प्रत्येक घड़ी में समाज के प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है कि वे एक-दूसरे का सहारा बनें।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story