एटा पुलिस लाइन में पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि, अधिकारियों ने किया नमन
एटा पुलिस लाइन में 21 अक्टूबर 2026 को पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी गई। एसएसपी डॉ. इलामारन जि. सहित वरिष्ठ अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर बलिदानी जवानों को नमन किया।

एटा पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक परिसर में पुलिस स्मृति दिवस पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान संदेश पढ़ते वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन जि. और उपस्थित अन्य पुलिस अधिकारी।
एटा। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर 21 अक्टूबर 2026 को पुलिस लाइन एटा स्थित शहीद स्मारक पर कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीद पुलिस जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन जि. सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने पुष्पचक्र एवं श्रद्धासुमन अर्पित कर शहीद जवानों के बलिदान को नमन किया।
पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जनसेवा के उच्च आदर्शों और कर्तव्य के प्रति समर्पण को याद किया गया। पुलिसकर्मियों के कार्य की प्रकृति जोखिमों से भरी होती है, जिसमें कदम-कदम पर जीवन का खतरा बना रहता है। अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए अनेक पुलिसकर्मी प्रतिवर्ष कर्तव्य की वेदी पर प्राण न्योछावर कर देते हैं। जनसेवा के आदर्शों की प्राप्ति के लिए अपने प्राणों की परवाह नहीं करने वाले इन जवानों की कीर्ति और यशोगाथा समय के साथ समाप्त नहीं होती, बल्कि पुलिस की भावी पीढ़ियों को साहस और समर्पण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देती रहती है।
पुलिस स्मृति दिवस का संबंध 21 अक्टूबर 1959 की उस घटना से है, जब केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के 10 जवानों ने भारत की उत्तरी सीमा पर लद्दाख के हिमाच्छादित, जनहीन क्षेत्र में चीनी सैनिकों के कपटपूर्ण हमले का सामना करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी थी। इन वीर जवानों के बलिदान की स्मृति में प्रतिवर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है।
इसी क्रम में पुलिस लाइन एटा स्थित शहीद स्मारक पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा डॉ. इलामारन जि., अपर पुलिस अधीक्षक एटा श्वेताभ पाण्डेय, अपर पुलिस अधीक्षक अपराध एटा सच्चिदानन्द, क्षेत्राधिकारी नगर कीर्तिका सिंह, क्षेत्राधिकारी सदर संकल्पदीप कुशवाह, क्षेत्राधिकारी सकीट नीतीश गर्ग, क्षेत्राधिकारी जलेसर ज्ञानेन्द्र प्रताप सिंह, क्षेत्राधिकारी अलीगंज राजेश सिंह, क्षेत्राधिकारी यातायात अरुण कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी कार्यालय सुनील अहलावत, सीएफओ प्रशांत राणा और प्रतिसार निरीक्षक किशन लाल गौतम ने शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उपस्थित समस्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी पुष्पचक्र एवं श्रद्धासुमन अर्पित कर वीर जवानों को नमन किया।
पुलिस स्मृति दिवस का आयोजन कर्तव्य पालन के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले जवानों के योगदान को याद करने और पुलिस बल की भावी पीढ़ियों को उनके साहस, कर्तव्यनिष्ठा तथा जनसेवा के आदर्शों से प्रेरित करने के उद्देश्य से किया जाता है।

Vikas Dube, Etah and Kasganj (Uttar pradesh)
विकास दुबे एटा और कासगंज जनपद में सक्रिय पत्रकार हैं, जो स्थानीय मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य, शिक्षा और अपराध से जुड़ी खबरों की गहन और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग करते हैं। ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों की जमीनी हकीकत को सरल एवं प्रभावशाली भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी विशेष पहचान है। जनसरोकार से जुड़े विषयों पर सतत सक्रिय रहते हुए वे क्षेत्र की महत्वपूर्ण घटनाओं को प्रमुखता से सामने लाने का कार्य कर रहे हैं।
वर्तमान पद: संवाददाता / रिपोर्टर, प्रातःकाल
बीट (विस्तृत जानकारी):
- स्थानीय समाचार (एटा एवं कासगंज जनपद)
- प्रशासनिक गतिविधियां एवं सरकारी योजनाएं
- स्वास्थ्य विभाग और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की खबरें
- शिक्षा एवं विद्यालय संबंधी समाचार
- अपराध एवं पुलिस कार्यवाही
- सामाजिक और जनहित से जुड़े मुद्दे
- व्यापारिक एवं बाजार गतिविधियां
कार्य क्षेत्र:
जिला एटा एवं कासगंज, उत्तर प्रदेश
अनुभव से जुड़ी जानकारी:
- क्षेत्रीय पत्रकारिता और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर सक्रिय रिपोर्टिंग
- ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की घटनाओं की नियमित कवरेज
- 15 मई 2026 से प्रातःकाल के साथ जुड़े हुए हैं
- वर्तमान में दैनिक भास्कर ऐप डिजिटल, पब्लिक ऐप और एबीसी चैनल में रिपोर्टर हूं और टाइम्स ऑफ इंडिया के लिए इनपुट भेजता हूं।
शिक्षा से जुड़ी जानकारी:
स्नातक
