श्रद्धा और भक्ति से सजा पीपलेश्वर धाम, छठा पाटोत्सव रहा आकर्षण का केंद्र
ग्राम आडीवली स्थित श्री पीपलेश्वर हनुमान शनि मंदिर के पाटोत्सव पर हवन, सुंदरकांड पाठ, भजन संध्या और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।

नयागांव के आडीवली गांव में आयोजित श्री पीपलेश्वर हनुमान शनि मंदिर के पाटोत्सव कार्यक्रम के दौरान पंडाल में एकत्रित हुए क्षेत्र के श्रद्धालु।
उपखंड नयागांव क्षेत्र के ग्राम आडीवली स्थित श्री पीपलेश्वर हनुमान शनि मंदिर का छठा पाटोत्सव श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उत्साह के वातावरण में सम्पन्न हुआ। धार्मिक अनुष्ठानों, भजन-कीर्तन और विशाल भंडारे से सजे इस आयोजन में क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्म लाभ अर्जित किया।
पाटोत्सव के अवसर पर मंदिर परिसर में विधिवत पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक, मंत्रोच्चार एवं हवन का आयोजन किया गया। आचार्य पिनाक पंड्या, सह आचार्य नरेंद्र व्यास एवं पंडित गजेंद्र शर्मा के सान्निध्य में सम्पन्न हुए इन धार्मिक अनुष्ठानों में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई और मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।
आयोजन की पूर्व संध्या पर आयोजित भजन संध्या एवं डांडिया कार्यक्रम श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। गुजरात के मोडासा से आए भजन गायक संजय एवं उनकी टीम ने अपनी भक्तिमय प्रस्तुतियों से माहौल को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया। कार्यक्रम के दौरान सुंदरकांड पाठ एवं महाआरती का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
पाटोत्सव के दौरान लवाना समाज, ग्राम बंजारवाड़ा द्वारा महाप्रसाद का वितरण किया गया। वहीं सभी धार्मिक अनुष्ठानों की पूर्णाहुति के बाद ग्रामवासियों के सहयोग से विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें सैकड़ों महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम के यजमान सूरजमल लवाना एवं उनका परिवार रहा। आयोजन को सफल बनाने में ग्रामवासियों तथा मंदिर समिति की महत्वपूर्ण भूमिका रही। धार्मिक आस्था, सामाजिक सहभागिता और सामुदायिक एकता का संदेश देने वाला यह पाटोत्सव क्षेत्र के श्रद्धालुओं के लिए एक यादगार आयोजन बन गया।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
