मुजफ्फरनगर। नेशनल हाईवे-58 पर बुधवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने तीर्थयात्रियों के सफर को मातम में बदल दिया। खतौली थाना क्षेत्र में तिंगाई पुलिया के निकट सड़क किनारे तकनीकी खराबी के कारण खड़ी स्लीपर बस को पीछे से आ रहे कबाड़ से लदे तेज रफ्तार घोड़ा ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गुजरात निवासी एक तीर्थयात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन महिला यात्री घायल हो गईं। टक्कर के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, गुजरात से श्रद्धालुओं को लेकर स्लीपर बस संख्या MP 41 ZD 2776 हरिद्वार जा रही थी। मंगलवार और बुधवार की मध्यरात्रि के बाद बस में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। इसके चलते चालक ने बस को खतौली थाना क्षेत्र में तिंगाई पुलिया के पास नेशनल हाईवे के किनारे खड़ा कर दिया। बुधवार सुबह करीब पांच बजे पीछे से आ रहे कूड़े-कबाड़ से भरे अनियंत्रित घोड़ा ट्रक ने खड़ी बस को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज थी कि बस में जोरदार धमाके और झटके के साथ अफरा-तफरी मच गई। गहरी नींद में सो रहे यात्रियों के बीच चीख-पुकार गूंज उठी। हादसे में गुजरात निवासी अनिल पटेल पुत्र शंकर पटेल की मौके पर ही मौत हो गई।

दुर्घटना में तीन महिला तीर्थयात्री भी घायल हुईं। घायलों की पहचान गुजरात के राजपीपल निवासी हर्षा पत्नी रोहित, भरूच के योगेश्वर नगर निवासी नयना पत्नी धनुष और भरूच के पनिदरा निवासी गोहिल नयनबेन पत्नी राजेश भाई के रूप में हुई है।

हादसे की सूचना मिलते ही खतौली कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। सोनू एंबुलेंस सर्विस और अमन एंबुलेंस सर्विस की सहायता से तीनों घायल महिलाओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) खतौली पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। वहीं, चिकित्सकों ने अनिल पटेल को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय मुजफ्फरनगर भेज दिया।

दुर्घटना के बाद दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों के सड़क पर आ जाने से नेशनल हाईवे-58 पर यातायात बाधित हो गया। सुबह के समय हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने क्रेन और स्थानीय लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया।

खतौली पुलिस ने फरार ट्रक चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। वाहन नंबर के आधार पर आरोपी चालक की तलाश की जा रही है। हाईवे पर खराबी के चलते खड़ी बस में पीछे से हुई इस टक्कर ने एक तीर्थयात्री की जान ले ली और तीन महिलाओं को घायल कर दिया।

Om Prakash Pal

Om Prakash Pal

नाम: ओम प्रकाश पाल

वर्तमान पद: स्वतंत्र पत्रकार, लेखक एवं स्तंभकार

कार्यक्षेत्र: नेशनल ब्यूरो (राष्ट्रीय स्तर)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, संसद, केंद्रीय मंत्रालय, कृषि, साहित्य, खेल एवं प्रशासन (बिजनेस को छोड़कर सभी विषयों पर कार्य)

पत्रकारिता अनुभव: लगभग 39 वर्ष

परिचय एवं अनुभव 

ओम प्रकाश पाल पिछले 39 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर नेशनल ब्यूरो में विशेष संवाददाता के रूप में लगभग 20 वर्षों तक संसद के दोनों सदनों (लोकसभा और राज्यसभा) की रिपोर्टिंग की है।

एक मान्यता प्राप्त पत्रकार के रूप में उन्होंने केंद्रीय गृह, रक्षा, रेलवे, सड़क परिवहन, श्रम एवं रोजगार, जलशक्ति और कृषि जैसे प्रमुख केंद्रीय मंत्रालयों को कवर किया है।

विभिन्न समाचार पत्रों में योगदान:

  • अमर उजाला एवं दैनिक जागरण: पत्रकारिता के शुरुआती वर्षों का अनुभव।
  • शाह टाइम्स: न्यूज़ एडिटर (News Editor) के पद पर सेवाएं।
  • हरिभूमि (दिल्ली): वरिष्ठ संवाददाता के रूप में कार्य।

राजनीति विज्ञान और कृषि विषयों के जानकार होने के साथ-साथ उन्होंने साहित्य और खेल के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण कार्य किया है। वर्तमान में वह एक स्वतंत्र पत्रकार, लेखक और स्तंभकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता 

  • स्नातक (Graduate)
  • B.Ed (बैचलर ऑफ एजुकेशन)
  • पत्रकारिता में डिप्लोमा (Diploma in Journalism)
  • साहित्य रत्न
  • कृषि विशारद

Next Story