मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के मोरना कस्बा में पशु प्रेम और गोवंश के प्रति संवेदना की अनोखी मिसाल सामने आई है। यहां किसान चौधरी ब्रजवीर सिंह राठी ने वर्षों तक परिवार और खेती-किसानी का साथ निभाने वाले अपने बुजुर्ग बैल की मौत के बाद उसका अंतिम संस्कार करने के साथ विधि-विधान से तेरहवीं का आयोजन किया। मोरना-शुकतीर्थ मार्ग स्थित राठी कृषि फार्म हाउस पर बुधवार को आयोजित रस्म तेरहवीं में बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि, संत-महात्मा और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए।

रस्म तेरहवीं के अवसर पर हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया। जिला पंचायत प्रशासक डॉ वीरपाल निर्वाल और भाजपा किसान मोर्चा के क्षेत्रीय मन्त्री अमित राठी ने हवन में आहुति दी। कार्यक्रम में शामिल लोगों ने दिवंगत बैल की तस्वीर के सामने सिर झुकाकर श्रद्धांजलि दी। हवन-पूजन के बाद सभी को प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम स्थल पर ‘गोवंश सेवा—हमारा संकल्प’ और ‘जीव दया, सबसे बड़ी सेवा’ जैसे संदेश भी लिखे गए, ताकि समाज में पशुओं के प्रति दया और सेवा का भाव जगाया जा सके।

किसान चौधरी ब्रजवीर सिंह राठी ने बताया कि उनका बुजुर्ग बैल लंबे समय से उनके परिवार का अहम हिस्सा था। खेती-किसानी के हर छोटे-बड़े काम में उसने वर्षों तक परिवार का साथ निभाया। उनके अनुसार, वह बैल केवल एक पशु नहीं था, बल्कि परिवार के सदस्य और सुख-दुख के पुराने साथी की तरह था। उसकी मौत से परिवार को गहरा दुख पहुंचा। इसी भावनात्मक लगाव और उसकी यादों को सम्मान देने के लिए परिवार ने उसकी तेरहवीं आयोजित करने का फैसला किया। धार्मिक रीति-रिवाज से हुए इस कार्यक्रम में परिवार के सदस्यों के साथ आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।

बुजुर्ग बैल की तेरहवीं के दौरान पूरे विधि-विधान से हवन और पूजन संपन्न कराया गया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने आहुति दी और दिवंगत बैल की आत्मा की शांति के लिए भगवान से प्रार्थना की। लोगों ने उसके साथ बिताए वर्षों को याद किया और उसकी वफादारी की बातें कीं। हवन के बाद प्रसाद का वितरण किया गया। कार्यक्रम में पहुंचे लोगों ने किसान चौधरी ब्रजवीर सिंह राठी के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि पशु भी परिवार और समाज का महत्वपूर्ण हिस्सा होते हैं तथा उनके प्रति प्रेम, सेवा और संवेदना रखना मानवता की पहचान है।

भाजपा नेता अमित राठी ने कहा कि बुजुर्ग बैल की तेरहवीं मनाकर किसान ने समाज के सामने जीव दया, पशु सेवा और गोवंश के प्रति संवेदना की प्रेरणादायक मिसाल पेश की है। उन्होंने कहा कि इस बैल ने चौधरी ब्रजवीर सिंह राठी के परिवार के साथ वर्षों तक खेती-किसानी के कामों में महत्वपूर्ण योगदान दिया था। ऐसे में उसके प्रति परिवार का गहरा भावनात्मक लगाव स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन ने समाज को पशुओं के प्रति अधिक संवेदनशील होने और उनकी सेवा करने का संदेश दिया है।

कार्यक्रम में महामंडलेश्वर स्वामी गोपालदास महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी राजगिरि महाराज और गुरुकुल आश्रम के स्वामी विश्वानंद महाराज के सानिध्य में छात्र कार्तिक आर्य, चिंटू आर्य, अनु आर्य, विशाल आर्य और हरिओम आर्य ने वैदिक मंत्रों का उच्चारण किया। इस दौरान चौधरी बृजवीर सिंह, रामसहोदर मिश्रा, मण्डल अध्यक्ष अरुण पाल, ग्राम सुधार सेवा समिति के अध्यक्ष ऋषिपाल सिंह, मास्टर विजय सिंह, सनी, बबलू, कैप्टन सुधीश फौजी, साध्वी कांता देवी, नरेंद्र राठी छछरौली, अनुज पहलवान, रामपाल सिंह नेताजी, बसंत दास महाराज, कुलबीर सिंह, प्रधान प्रीतम सिंह और नरदेव चौहान सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम में पहुंचे संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों, किसान नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने किसान चौधरी ब्रजवीर सिंह राठी के इस प्रयास की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि गोवंश और दुनिया के अन्य सभी जीवों के प्रति दया, सेवा और सम्मान की भावना समाज में सकारात्मक संदेश देती है। किसान द्वारा अपने बुजुर्ग बैल की तेरहवीं मनाए जाने का यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। आयोजन ने परिवार और बैल के बीच वर्षों पुराने भावनात्मक रिश्ते को सामने लाने के साथ पशु सेवा और जीव दया के प्रति संवेदनशीलता का संदेश भी दिया।

Om Prakash Pal

Om Prakash Pal

नाम: ओम प्रकाश पाल

वर्तमान पद: स्वतंत्र पत्रकार, लेखक एवं स्तंभकार

कार्यक्षेत्र: नेशनल ब्यूरो (राष्ट्रीय स्तर)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, संसद, केंद्रीय मंत्रालय, कृषि, साहित्य, खेल एवं प्रशासन (बिजनेस को छोड़कर सभी विषयों पर कार्य)

पत्रकारिता अनुभव: लगभग 39 वर्ष

परिचय एवं अनुभव 

ओम प्रकाश पाल पिछले 39 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर नेशनल ब्यूरो में विशेष संवाददाता के रूप में लगभग 20 वर्षों तक संसद के दोनों सदनों (लोकसभा और राज्यसभा) की रिपोर्टिंग की है।

एक मान्यता प्राप्त पत्रकार के रूप में उन्होंने केंद्रीय गृह, रक्षा, रेलवे, सड़क परिवहन, श्रम एवं रोजगार, जलशक्ति और कृषि जैसे प्रमुख केंद्रीय मंत्रालयों को कवर किया है।

विभिन्न समाचार पत्रों में योगदान:

  • अमर उजाला एवं दैनिक जागरण: पत्रकारिता के शुरुआती वर्षों का अनुभव।
  • शाह टाइम्स: न्यूज़ एडिटर (News Editor) के पद पर सेवाएं।
  • हरिभूमि (दिल्ली): वरिष्ठ संवाददाता के रूप में कार्य।

राजनीति विज्ञान और कृषि विषयों के जानकार होने के साथ-साथ उन्होंने साहित्य और खेल के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण कार्य किया है। वर्तमान में वह एक स्वतंत्र पत्रकार, लेखक और स्तंभकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता 

  • स्नातक (Graduate)
  • B.Ed (बैचलर ऑफ एजुकेशन)
  • पत्रकारिता में डिप्लोमा (Diploma in Journalism)
  • साहित्य रत्न
  • कृषि विशारद

Next Story