मुजफ्फरनगर: भारतीय योग संस्थान ने मनाया 60वां योग दिवस, नई कक्षा शुरू
एसडी मार्केट में मुख्य समारोह के साथ जीसी पब्लिक स्कूल में नई योग कक्षा की शुरुआत की गई, जिसमें 80 से अधिक साधक शामिल हुए।

मुजफ्फरनगर के एसडी मार्केट में समूह में बैठे और खड़े हुए योग साधक।
मुजफ्फरनगर में भारतीय योग संस्थान (पंजीकृत दिल्ली) की ओर से 60वां योग दिवस पूरे उमंग और उल्लास के साथ मनाया गया। एसडी मार्केट स्थित योग केंद्र में मुख्य समारोह आयोजित हुआ, जबकि जीसी पब्लिक स्कूल में नई योग कक्षा का शुभारंभ कर योग साधना का विस्तार किया गया।
एसडी मार्केट स्थित योग कक्षा में आयोजित समारोह का शुभारंभ जिला प्रधान सुभाष चंद्र गुप्ता, प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य ज्ञान चंद अरोड़ा, महामंत्री प्रेम सिंह राणा, क्षेत्रीय प्रधान विनय कुमार वर्मा और क्षेत्रीय मंत्री राकेश कुमार शर्मा ने मां सरस्वती एवं संस्थान के संस्थापक स्वर्गीय प्रकाश लाल के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इससे पहले क्षेत्रीय प्रधान संजीव गोयल ने संस्थान के संस्थापक स्वर्गीय प्रकाश लाल के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद श्रीमती रेणु तायल, श्रीमती सुषमा त्यागी और श्रीमती नीता मित्तल ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। नीलकंठ जी ने स्वागत गान तथा कुलदीप भारद्वाज ने भजन प्रस्तुत किया।
क्षेत्रीय प्रधान विनय कुमार वर्मा ने साधकों को गहरी एवं लंबी श्वास के साथ ‘ॐ’ का उच्चारण कराया और गायत्री मंत्र का भावार्थ सहित अभ्यास कराया। इसके बाद योगाभ्यास शुरू हुआ। श्रीमती सुधा गर्ग ने ताड़ासन का अभ्यास कराया। केंद्र प्रमुख धर्मवीर सिंह पाल ने रीढ़ की हड्डी और शरीर के लचीलेपन के लिए उपयोगी आसनों का अभ्यास कराया। नरेंद्र एडवोकेट, प्रमोद कुमार, विनय कुमार वर्मा और विनीता मित्तल ने विभिन्न आसनों और प्राणायाम की बारीकियों से अवगत कराया।
समारोह की अध्यक्षता करते हुए जिला प्रधान सुभाष चंद्र गुप्ता ने नियमित योगाभ्यास को स्वस्थ जीवन की कुंजी बताया। संचालन कर रहे क्षेत्रीय प्रधान विनय कुमार वर्मा ने महर्षि पतंजलि द्वारा प्रतिपादित योग सूत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि चित्त की वृत्तियों को शांत करना ही योग है। उन्होंने सामूहिक साधना के महत्व पर बल दिया। महामंत्री प्रेम सिंह राणा ने सभी को योग को दैनिक जीवनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में योगाभ्यास के साथ आनंद का माहौल भी रहा। क्षेत्रीय मंत्री राकेश शर्मा और राजेंद्र पाल ने साधकों को ‘हास्य आसन’ कराया, जिससे पूरा परिसर ठहाकों से गूंज उठा। कार्यक्रम का समापन श्रीमती शालिनी अग्रवाल द्वारा कराई गई प्रार्थना एवं शांति पाठ के साथ हुआ। इसके बाद सभी साधकों को प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 80 साधक-साधिकाओं की उपस्थिति रही।
मुजफ्फरनगर में योग का दायरा बढ़ाते हुए भारतीय योग संस्थान की ओर से जीसी पब्लिक स्कूल में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर नई योग कक्षा की शुरुआत की गई। नई कक्षा के प्रथम सत्र में सुधीर शर्मा ने नए और पुराने साधकों को शरीर को चुस्त-दुरुस्त रखने वाली सूक्ष्म क्रियाओं का अभ्यास कराया। कार्यक्रम का संचालन महिला जिला मंत्री कुसुम सिंघल ने किया, जबकि विनोद शर्मा ने शांतिपाठ कराकर कार्यक्रम का समापन कराया। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने प्रतिदिन योग साधना करने का संकल्प लिया।
दोनों आयोजनों को सफल बनाने में केंद्र प्रमुख धर्मवीर सिंह पाल, राकेश शर्मा, प्रमोद कुमार, अगम प्रकाश, विनोद बंसल, रतनपाल, मित्र सेन, डॉ. जय शर्मा, श्याम पाल, नवीन कुमार, पालीवाल, राकेश खुराना, बीके ग्रोवर, सुधीर शर्मा, सतीश शर्मा, संजीव गोयल, विपिन त्यागी, श्रीमती प्रमिला राय, साधना गुप्ता, अलका सैनी, सोनिया नारंग, मधु गर्ग, प्रमिला गिरधर, प्रभा जी, सतीश माहेश्वरी सहित भारी संख्या में गणमान्य लोग व साधक उपस्थित रहे। इस आयोजन के माध्यम से भारतीय योग संस्थान ने मुजफ्फरनगर में योग साधना की गतिविधियों को आगे बढ़ाते हुए नई योग कक्षा की शुरुआत की।

Om Prakash Pal
नाम: ओम प्रकाश पाल
वर्तमान पद: स्वतंत्र पत्रकार, लेखक एवं स्तंभकार
कार्यक्षेत्र: नेशनल ब्यूरो (राष्ट्रीय स्तर)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, संसद, केंद्रीय मंत्रालय, कृषि, साहित्य, खेल एवं प्रशासन (बिजनेस को छोड़कर सभी विषयों पर कार्य)
पत्रकारिता अनुभव: लगभग 39 वर्ष
परिचय एवं अनुभव
ओम प्रकाश पाल पिछले 39 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर नेशनल ब्यूरो में विशेष संवाददाता के रूप में लगभग 20 वर्षों तक संसद के दोनों सदनों (लोकसभा और राज्यसभा) की रिपोर्टिंग की है।
एक मान्यता प्राप्त पत्रकार के रूप में उन्होंने केंद्रीय गृह, रक्षा, रेलवे, सड़क परिवहन, श्रम एवं रोजगार, जलशक्ति और कृषि जैसे प्रमुख केंद्रीय मंत्रालयों को कवर किया है।
विभिन्न समाचार पत्रों में योगदान:
- अमर उजाला एवं दैनिक जागरण: पत्रकारिता के शुरुआती वर्षों का अनुभव।
- शाह टाइम्स: न्यूज़ एडिटर (News Editor) के पद पर सेवाएं।
- हरिभूमि (दिल्ली): वरिष्ठ संवाददाता के रूप में कार्य।
राजनीति विज्ञान और कृषि विषयों के जानकार होने के साथ-साथ उन्होंने साहित्य और खेल के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण कार्य किया है। वर्तमान में वह एक स्वतंत्र पत्रकार, लेखक और स्तंभकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता
- स्नातक (Graduate)
- B.Ed (बैचलर ऑफ एजुकेशन)
- पत्रकारिता में डिप्लोमा (Diploma in Journalism)
- साहित्य रत्न
- कृषि विशारद
