मुरादाबाद में रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से 50 वर्षीय फुरकान की मौत, परिवार में मचा कोहराम
मुरादाबाद के कुंदरकी में रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से 50 वर्षीय फुरकान की मौत हो गई। पुलिस ने पंचनामा कर शव परिजनों को सौंप दिया।

तस्वीर में दिख रहे 50 वर्षीय फुरकान, जिनकी मुरादाबाद के कुंदरकी थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से मृत्यु हो गई।
मुरादाबाद के कुंदरकी थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया। कुंदरकी और चकफाजलपुर गांव के बीच मुरादाबाद-चंदौसी रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से एक अधेड़ व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। मृतक की पहचान कस्बा कुंदरकी के पेंठ बाजार निवासी फुरकान (50) पुत्र इब्राहिम के रूप में हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई की।
परिजनों के अनुसार, फुरकान पिछले कुछ दिनों से पारिवारिक समस्याओं को लेकर परेशान चल रहा था और काफी गुमसुम रहता था। शुक्रवार सुबह वह घर से निकला था। कुछ समय बाद परिजन उसकी तलाश में निकले, लेकिन इसी बीच सूचना मिली कि कुंदरकी और चकफाजलपुर गांव के बीच मुरादाबाद-चंदौसी रेलवे मार्ग पर ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। वहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। हादसे के बाद क्षेत्र में विभिन्न तरह की चर्चाएं होती रहीं, हालांकि मौत के कारणों को लेकर पुलिस ने कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
कुंदरकी चौकी इंचार्ज संजय त्यागी ने बताया कि पंचनामा भरने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने बताया कि परिजनों ने किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई कराने से इनकार किया है।
फुरकान अपने पीछे पत्नी अनीसा, दो पुत्र जीशान व रिहान तथा दो पुत्रियां शीबा और गुलनाज को छोड़ गए हैं। इस हादसे के बाद पूरे परिवार के साथ-साथ आसपास के क्षेत्र में भी शोक की लहर है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
