गरौठा विधायक जवाहरलाल राजपूत ने शनिवार को आमजन के बीच एक अलग और प्रेरणादायक संदेश देते हुए निजी वाहन छोड़ सार्वजनिक परिवहन से यात्रा की। विधायक ने झांसी से गरौठा तक बस से सफर किया, जबकि गुरसरांय, पूंछ और मोंठ तक की यात्रा ई-रिक्शा से पूरी की। उनके इस कदम को क्षेत्र में व्यापक सराहना मिल रही है और यह चर्चा का विषय बना हुआ है।

विधायक जवाहरलाल राजपूत ने बताया कि उनकी यह पहल प्रधानमंत्री की अपील से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक परिवहन के अधिक उपयोग से पेट्रोल-डीजल की अनावश्यक खपत कम की जा सकती है, जिससे ईंधन बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने लोगों से भी अधिक से अधिक पब्लिक ट्रांसपोर्ट अपनाने की अपील की।

विधायक ने कहा कि इस तरह के प्रयास गरीब ऑटो और ई-रिक्शा चालकों के लिए भी लाभकारी साबित होंगे। सार्वजनिक परिवहन के बढ़ते उपयोग से उनकी आय में वृद्धि होगी और आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।

इस दौरान भाजपा के युवा नेता कपिल मुदगिल, महेन्द्र राजपूत पुजारी और राजा बुंदेला भी उनके साथ मौजूद रहे। विधायक का यह संदेश क्षेत्र में सामाजिक जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत को लेकर नई चर्चा को जन्म दे रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story